पटना, 06 सितंबर 2026
गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। शहर में जल-निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज शाम प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग सह जिला प्रभारी, पटना विनय कुमार और सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग सह प्रबंध निदेशक, बुडको अनिमेष कुमार पराशर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दानापुर और दीघा केनाल स्थित प्रमुख ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन (डीपीएस) का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
सभी डीपीएस को 24×7 अलर्ट मोड पर रखने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रधान सचिव श्री विनय कुमार ने संबंधित अभियंताओं को सख्त निर्देश दिया कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिले के सभी ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशनों को 24×7 अलर्ट मोड पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि शहर में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
पटना में बाढ़ राहत कार्य युद्धस्तर पर, 25 सामुदायिक रसोइयों से 70 हजार लोगों को भोजन
पम्पों की क्षमता, डीजल और DG सेट की ली जानकारी
वहीं बुडको के एमडी श्री अनिमेष कुमार पराशर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पम्पों की क्षमता, डीजल भंडारण, DG सेट की उपलब्धता और ग्रेटिंग की सफाई व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिया कि रात के समय विशेष सतर्कता बरती जाए और नदी किनारे के संवेदनशील स्थानों पर फील्ड सैंड बैग की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। उन्होंने कहा कि गंगा का जलस्तर बढ़ने के बावजूद शहर की जल-निकासी व्यवस्था निर्बाध बनी रहे, इसके लिए बुडको की सभी टीमें पूरी तत्परता से कार्य कर रही हैं।
पटना में गंगा-पुनपुन उफान पर, BUDCO हाई अलर्ट पर – सभी बड़े DPS पर 24×7 निगरानी
गौरतलब है कि पटना में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसे लेकर स्थानीय प्रशासन से लेकर राज्य सरकार तक गंभीर है। लगातार हो रहे इस निरीक्षण से स्पष्ट है कि सरकार किसी भी संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही पूरी तैयारी में है।
