Tuesday, September 8, 2026
HomeTop Storiesबिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन का अरवल जिला सम्मेलन संपन्न, सरकारी कर्मी...

बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन का अरवल जिला सम्मेलन संपन्न, सरकारी कर्मी का दर्जा और सम्मानजनक मानदेय की गूंज

अरवल, 6 सितंबर 2026

जिले की आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं ने एक मंच पर एकजुट होकर सरकार से अपने हक की बुलंद आवाज उठाई है। बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन का अरवल जिला सम्मेलन रविवार को उमैराबाद स्थित शिव शक्ति मैरिज हॉल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में जिले के सभी बाल विकास परियोजनाओं – अरवल, कलेर, करपी, कुर्था और सोनभद्र-बंशी से सैकड़ों की संख्या में सेविका-सहायिकाओं ने भाग लेकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

सम्मेलन का उद्घाटन यूनियन के राज्य महासचिव कुमार बिंदेश्वर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडल – मीरा देवी, नलिन कुमार एवं संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से की, जबकि कुशल संचालन संजय कुमार भारती ने किया।

50 साल बाद भी सरकारी दर्जा नहीं, यह अन्याय है – बिंदेश्वर सिंह

मुख्य उद्घाटन भाषण में राज्य महासचिव कुमार बिंदेश्वर सिंह ने कहा कि देश में समेकित बाल विकास सेवा (ICDS) परियोजना के 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन आज तक आंगनबाड़ी कर्मियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं देना सरकार की उदासीनता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, “आंगनबाड़ी सेविका- सहायिका ही सरकार की हर योजना – पोषण अभियान, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल शिक्षा को जमीन पर उतारती हैं। आधी रात को भी सर्वे, चुनाव, आपदा में सबसे आगे यही दीदियां खड़ी मिलती हैं, फिर भी इन्हें मजदूर से भी कम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है। यह अपमान अब बर्दाश्त नहीं होगा। अधिकार के लिए लंबी लड़ाई लड़नी है और वो लड़ाई सिर्फ एकता से जीती जाएगी।”

राज्य अध्यक्ष चंद्रावती देवी ने अपने संबोधन में कहा कि बिखरने से कुछ नहीं मिलेगा। उन्होंने सभी सेविकाओं से जात-पात और प्रखंड की सीमा से ऊपर उठकर यूनियन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब तक हम एकजुट नहीं होंगे, सरकार हमारी मांगों को गंभीरता से नहीं लेगी।

प्रदेश अंकेक्षक गौतम कुमार सिंह ने यूनियन के 30 वर्षों के संघर्ष की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट मांग रखी कि जब तक सरकारी कर्मी का दर्जा नहीं मिलता, तब तक सेविकाओं को 26,000 रुपये और सहायिकाओं को 18,000 रुपये प्रतिमाह सम्मानजनक मानदेय दिया जाए। साथ ही सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और ग्रेच्युटी की सुविधा भी दी जाए। राज्य कमेटी सदस्य सबीना परवीन ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।

पटना जिला आंगनबाड़ी यूनियन का छठा सम्मेलन फतुहा में संपन्न: सेविका एवं सहायिकाओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा और ₹26,000 मानदेय देने की उठी मांग

21 सदस्यीय नई जिला कमेटी का गठन

सम्मेलन के दूसरे सत्र में संगठनात्मक चुनाव संपन्न हुआ और सर्वसम्मति से 21 सदस्यीय अरवल जिला कमेटी का गठन किया गया।

श्रीमती मीरा देवी को जिला अध्यक्ष, पुष्पा देवी को महासचिव और मिनी कुमारी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। 

रेणु कुमारी, खुशबू कुमारी एवं मिंता देवी को उपाध्यक्ष, जबकि प्रियंका भारती, इंदु कुमारी एवं बबीता देवी को सचिव बनाया गया।

कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सुनीता कुमारी, गीता कुमारी, तरन्नुम खातून, धर्मशिला कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, सुनीता कुमारी, जीतन परवीन, नाजिया परवीन, कंचन कुमारी, रिंकी कुमारी, मुन्नी कुमारी एवं पूनम कुमारी को शामिल किया गया है। संगठन को गति देने के लिए पुरुष वर्ग से नलिन शर्मा, संजय कुमार भारती, संजीव कुमार एवं कमलेश कुमार को भी विशेष जिम्मेदारी दी गई है, जबकि 2 पद भविष्य के विस्तार के लिए रिक्त रखे गए हैं।

आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं का राज्य सम्मेलन 19-20 सितंबर को पटना में, एटक महासचिव कुमार बिंदेश्वर सिंह ने जारी की अपील

पटना राज्य सम्मेलन की तैयारी और विस्तार का संकल्प

सम्मेलन में 19 एवं 20 सितंबर 2026 को पटना में होने वाले बिहार राज्य सम्मेलन के लिए अरवल जिले से प्रतिनिधियों का भी चुनाव किया गया। तय हुआ कि ये प्रतिनिधि पटना में जिले की जमीनी समस्याओं को मजबूती से रखेंगे।

अंत में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि अगले एक महीने में अरवल जिले की सभी परियोजनाओं के हर पंचायत तक संगठन का विस्तार किया जाएगा और कोई भी सेविका-सहायिका अकेली नहीं रहेगी।

नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष मीरा देवी ने कहा कि यह कमेटी सिर्फ पद नहीं, बल्कि संघर्ष की जिम्मेदारी है। हम हर आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचेंगे और सरकार को अपना वाजिब हक देने के लिए मजबूर करेंगे।

सम्मेलन के अंत में आंगनबाड़ी कर्मियों के मान-सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाने के संकल्प के साथ समापन की घोषणा की गई।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे