पटना, 05 सितंबर। पटना में लगातार हो रही बारिश और गंगा-पुनपुन नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर के निर्देश पर गंगा और पुनपुन किनारे स्थित सभी प्रमुख ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशनों (DPS) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शहर की जल-निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी DPS को पूरी क्षमता के साथ सक्रिय कर दिया गया है। इन्हीं स्टेशनों के माध्यम से पटना शहरी क्षेत्र के एक बड़े हिस्से के पानी की निकासी कर गंगा नदी में प्रवाहित किया जाता है।
ग्रेटिंग पर अब मशीन से होगी सफाई
प्रबंध निदेशक ने पुराने DPS में ग्रेटिंग सफाई की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़ा निर्देश दिया है। बुडको द्वारा 8 नए आधुनिक DPS में स्वचालित ग्रेटिंग क्लीनिंग मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है, अब शेष 52 पुराने DPS में भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इसकी DPR तैयार कर ली गई है।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि इससे न सिर्फ ग्रेटिंग की सफाई बेहतर होगी, बल्कि कर्मचारी भी सुरक्षात्मक और सम्मानजनक तरीके से कार्य कर सकेंगे। रात में ग्रेटिंग पर विशेष निगरानी रखने और टायर-ट्यूब, प्लास्टिक बैग, जूट बैग जैसे कचरे को ग्रेटिंग पर ही रोकने का निर्देश दिया गया है, ताकि पम्प का प्रवाह अवरुद्ध न हो।
गंगा किनारे के 7 प्रमुख DPS की स्थिति:
1. कुर्जी DPS (सबसे बड़ा) – 04 विद्युत + 01 डीजल (कुल 05 पंप) – क्षमता 10440 LPS
2. मंदिरी नया DPS – 04 विद्युत (कुल 04 पंप) – क्षमता 9800 LPS
3. राजापुर नया DPS – 04 विद्युत (कुल 04 पंप) – क्षमता 9240 LPS
4. राजापुर पुराना DPS – 02 विद्युत + 01 डीजल (कुल 03 पंप) – क्षमता 8400 LPS
5. मंदिरी पुराना DPS – 02 विद्युत + 01 डीजल (कुल 03 पंप) – क्षमता 5400 LPS
6. अंटा घाट DPS – 02 विद्युत + 01 डीजल (कुल 03 पंप) – क्षमता 4000 LPS
7. गोसाई टोला DPS – 01 विद्युत + 01 डीजल (कुल 02 पंप) – क्षमता 1465 LPS
पुनपुन किनारे के TDPS:
• खानपुर TDPS – 05 इलेक्ट्रिक + 03 डीजल (कुल 08 पंप) • बरमुत्ता TDPS – 05 इलेक्ट्रिक + 03 डीजल (कुल 08 पंप)
बिहार में बाढ़ का तांडव: 18 जिले पानी-पानी, पटना-गया रेल रूट ठप; सरकार ने मंत्रियों को जमीन पर उतारा
बुडको की तैयारी पूरी
MD के निर्देश पर की गई तैयारियों के तहत सभी DPS के सभी यांत्रिक एवं विद्युत उपकरणों – पम्प सेट-261, ट्रॉली माउन्टेड पम्प सेट-108, मोटर, विद्युत/स्टार्टर पैनल-261, ट्रांसफार्मर-119, डीजी सेट-39 का निरीक्षण कर अलर्ट मोड में रखा गया है।
सभी DPS पर डीजल भंडारण के लिए SS टैंक लगा दिया गया है। महत्वपूर्ण DPS पर Filled Sand Bag का पर्याप्त भंडारण किया गया है। बुडको मुख्यालय में 24×7 नियंत्रण कक्ष 03 पालियों में कार्यशील है, प्रत्येक पाली में 02 कर्मी एवं 01 पदाधिकारी तैनात हैं।
स्टैंड बाई पावर की भी व्यवस्था: मानसून में आंधी-तूफान से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित जल निकासी के लिए विभिन्न स्थायी DPS पर कुल 39 DG सेट लगाए गए हैं। पहाड़ी DPS पर 2250 KVA के 2 एवं 1250 KVA का 1 DG सेट अधिष्ठापित है। वर्तमान में कुल 56 DPS में से 16 में डेडिकेटेड फीडर से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था कर दी गई है।
