Monday, September 21, 2026
HomeTop Storiesपटना : बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन का छठा राज्य सम्मेलन संपन्न,...

पटना : बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन का छठा राज्य सम्मेलन संपन्न, नई कमेटी गठित

पटना : बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन का छठा राज्य सम्मेलन संपन्न, नई कमेटी गठित

पटना के विद्यापति भवन में बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन (एटक) का दो दिवसीय छठा राज्य सम्मेलन रविवार को संपन्न हो गया। 19-20 सितंबर को आयोजित इस सम्मेलन में राज्य भर की परियोजनाओं से आई सैकड़ों सेविका-सहायिकाओं ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन की अध्यक्षता अध्यक्ष मंडली की चंद्रावती देवी, पूनम श्रीवास्तव, कुमारी निर्मला, लीलावती देवी और अंजू सिंह कुशवाहा ने संयुक्त रूप से की। उद्घाटन निखिल ओड़िसा आंगनबाड़ी कर्मी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष और एटक नेशनल वर्किंग कमेटी के सदस्य कॉमरेड विजय जेना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष चंद्रावती देवी, महासचिव कुमार विंदेश्वर सिंह, कार्यकारी कोषाध्यक्ष गौतम कुमार सिंह, अंकेक्षक नंदजी सिंह और संजय कुमार भारती ने अतिथियों का फूलमाला और अंगवस्त्र से स्वागत किया।

विद्यापति भवन में आंगनवाड़ी कर्मचारियों का छठा राज्य सम्मेलन शुरू, 500 से अधिक प्रतिनिधियों ने भरी हुंकार, सरकारी दर्जा और मानदेय वृद्धि की उठी मांग

नेताओं ने कहा- एकजुट संघर्ष से ही मिलेगा हक

सम्मेलन को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया आंगनबाड़ी वर्कर्स फेडरेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधान पार्षद उषा सहनी, एटक बिहार के अध्यक्ष गजनफर नवाब, महासचिव अजय कुमार, विद्युत कर्मचारी संघ के डी पी यादव, वरिष्ठ नेता राम लाला सिंह, एटक कोषाध्यक्ष अमरनाथ सहित कई वक्ताओं ने मार्गदर्शन किया।

उद्घाटन भाषण में विजय जेना ने कहा कि आईसीडीएस परियोजना को 50 साल हो गए, लेकिन आज तक सेविका-सहायिकाओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है और सम्मानजनक मानदेय भी नहीं मिल रहा है। जब तक हम एकजुट होकर संघर्ष नहीं करेंगे, हक नहीं मिलेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष उषा सहनी ने कहा कि जिस दिन पूरे देश में एक साथ आंगनबाड़ी कर्मियों की हड़ताल होगी, सरकार सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने को बाध्य हो जाएगी। इसकी तैयारी चल रही है।

एटक बिहार के अध्यक्ष गजनफर नवाब ने 28 सितंबर को राजभवन मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। वहीं महासचिव अजय कुमार ने कहा कि केंद्र में मजदूर विरोधी सरकार है, ऐसे में संघर्ष ही एकमात्र विकल्प है और एटक हर लड़ाई में साथ खड़ा रहेगा।

आंगनबाड़ी कर्मियों को सरकारी कर्मी का दर्जा और सम्मानजनक मानदेय देने की मांग, अररिया जिला सम्मेलन में संघर्ष तेज करने का संकल्प

सम्मेलन में निवर्तमान महासचिव कुमार बिंदेश्वर सिंह द्वारा आक्रमक प्रतिवेदन पेश किया गया, जिस पर बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने बहस में भाग लिया। अपने संबोधन में महासचिव कुमार बिंदेश्वर सिंह ने एक तरह से आंगनवाड़ी सेविका और सहायिका बहनों को चेताया है कि संगठन को गंभीरता से ले। संगठन की ताकत ही हमे न्याय दिल सकती है।

कई प्रस्ताव पारित, डाटा ऑपरेटर की मांग

सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इसमें प्रमुख रूप से एफआरएस और ऑनलाइन कार्यों के सही निष्पादन के लिए हर आंगनबाड़ी केंद्र पर एक डाटा एंट्री ऑपरेटर बहाल करने की मांग का प्रस्ताव शामिल है, जिसे गौतम कुमार सिंह ने रखा था।

नई राज्य कमेटी का गठन

सम्मेलन के अंत में नई राज्य कमेटी का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया।

चंद्रावती देवी को पुनः अध्यक्ष, पूनम श्रीवास्तव को कार्यकारी अध्यक्ष, अंजू सिंह कुशवाहा, सूर्यकांति देवी और संजय कुमार भारती को उपाध्यक्ष, कुमार विंदेश्वर सिंह को पुनः महासचिव, कुमारी निर्मला, संगीता झा और लीलावती देवी को सचिव तथा गौतम कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया।

वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष उषा सहनी और अरवल के नलिन शर्मा को यूनियन का संरक्षक बनाया गया है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे