पटना नगर निगम के संपत्ति कर संग्रहण अभियान में उल्लेखनीय वृद्धि
नए संपत्ति आकलन की रफ्तार प्रतिदिन 29 से बढ़कर 128 तक पहुंची
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 14 करोड़ रुपये से अधिक का संपत्ति कर प्राप्त
21 सितंबर 2026। पटना
नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा के निर्देश एवं निगरानी में पटना नगर निगम के संपत्ति कर संग्रहण लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के सकारात्मक असर स्पष्ट रूप से दिख रहे हैं।अभियान के तहत नई संपत्ति आकलन, कर निर्धारण एवं बकाया संपत्ति कर संग्रहण की प्रक्रिया में लगातार तेजी आ रही है। निगम द्वारा फील्ड स्तर पर टीमों की संख्या बढ़ाने, डोर-टू-डोर संपर्क एवं संपत्तियों के चिह्नीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप प्रतिदिन नई संपत्ति आकलन की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
दस दिनों में लगभग 1300 नई संपत्तियों का आकलन
विशेष अभियान के दौरान नए संपत्तियों के आकलन की गति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और निगम की फील्ड टीमों द्वारा संपत्तियों की पहचान एवं कर निर्धारण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान के दौरान पिछले 10 दिनों में ही 1,278 नई संपत्तियों का आकलन पूरा किया गया है। इस अवधि में प्रतिदिन औसतन लगभग 128 नए संपत्ति आकलन किए गए। अभियान शुरू होने से पहले नए संपत्ति आकलन की औसत दैनिक संख्या लगभग 29 थी।
उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल से 9 सितंबर 2026 तक की पूरी अवधि में जहां कुल 4,660 नए संपत्ति आकलन किए गए थे, वहीं, अभियान के पिछले 10 दिनों में ही 1,278 संपत्तियों का कर निर्धारण का कार्य किया गया।
पिछले वर्ष की तुलना में 14.36 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति कर संग्रहण
संपत्ति कर संग्रहण के मामले में भी पटना नगर निगम ने पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। 1 अप्रैल से 20 सितंबर 2025 के बीच कुल 1,49,382 संपत्तिधारकों से 51.25 करोड़ रुपये संपत्ति कर प्राप्त हुआ था।
वहीं, 1 अप्रैल से 20 सितंबर 2026 की समान अवधि में 1,57,759 संपत्तिधारकों से कुल ₹65.61 करोड़ संपत्ति कर की वसूली की गई है। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस वर्ष 8,377 अधिक संपत्तिधारकों से संपत्ति कर प्राप्त किया गया है। इसके परिणामस्वरूप संपत्ति कर संग्रहण में लगभग ₹14.36 करोड़ की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
डोर-टू-डोर अभियान पर विशेष जोर
पटना नगर निगम द्वारा संपत्ति कर संग्रहण को बढ़ाने के साथ-साथ कर दायरे से बाहर रह गई संपत्तियों को चिन्हित करने एवं उनका नियमानुसार संपत्ति आकलन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए निगम की टीमें फील्ड में डोर-टू-डोर संपर्क कर रही हैं।
अभियान के तहत नए संपत्ति आकलन, लंबित कर के भुगतान, संपत्ति विवरण के सत्यापन तथा कर निर्धारण से संबंधित मामलों पर एक साथ काम किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, राजस्व संवर्द्धन अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए फील्ड टीमों की सक्रियता बढ़ाई गई है।
पटना नगर निगम का प्रयास है कि अधिक से अधिक संपत्तियों को कर के दायरे में लाया जाए और संपत्ति कर से संबंधित प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जाए। अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार फील्ड स्तर पर टीमों एवं संसाधनों को बढ़ाया जा रहा है।
महत्वपूर्ण सुचना :- यदि आपने अभी तक अपनी संपत्ति का संपत्ति कर निर्धारण नहीं करवाया है, तो अपने निकटतम अंचल कार्यालय अथवा मौर्या लोक स्थित पटना नगर निगम मुख्यालय में संपर्क कर अपनी संपत्ति का कर निर्धारण यथाशीघ्र करवा लें। समय पर कर निर्धारण एवं भुगतान कर अनावश्यक पेनल्टी से बचा जा सकता है।
Toll free Number :- 155304
