दानापुर में नगर परिषद का बड़ा एक्शन: गोला रोड से ज्ञान निकेतन स्कूल तक चला विशेष अभियान, हटाया गया अवैध अतिक्रमण
दानापुर (पटना): नगर परिषद दानापुर निजामत क्षेत्र में आम लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। प्रशासक-सह-कार्यपालक पदाधिकारी सिद्धार्थ हर्षवर्धन के कड़े दिशा-निर्देशों पर नगर परिषद के व्यस्त एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में नगर परिषद की टीम ने गोला रोड से लेकर ज्ञान निकेतन स्कूल तक अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों एवं अस्थायी दुकानों को हटाया गया।
छठ महापर्व 2026 की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने 52 गंगा घाटों का किया निरीक्षण
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों, ठेले वालों और अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे भविष्य में दोबारा सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण न करें। चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अवैध कब्जा पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी वसूला जाएगा।
नगर परिषद के इस कड़े रुख से मुख्य सड़कों पर आवागमन करने वाले राहगीरों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन का कहना है कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और जाममुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
