बिग ब्रेकिंग; निशांत कुमार बनेंगे नए उपमुख्यमंत्री, विजय कुमार चौधरी देंगे इस्तीफा
पटना। बिहार की सत्ता के गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी एक्सक्लूसिव खबर सामने आ रही है। सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) के भीतर एक बड़े राजनीतिक पुनर्गठन और कैबिनेट फेरबदल की पटकथा लिखी जा चुकी है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की बिहार सरकार में आधिकारिक एंट्री तय मानी जा रही है और वे राज्य के नए उपमुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगे।
विजय कुमार चौधरी देंगे इस्तीफा, संभालेंगे JDU के कार्यकारी अध्यक्ष की कमान
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बड़े फेरबदल के तहत वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी अपने उपमुख्यमंत्री/मंत्री पद से इस्तीफा देंगे। सरकार से हटने के बाद उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी और वे जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभालेंगे। विजय चौधरी की इस भूमिका से पार्टी के सांगठनिक ढांचे को मजबूती मिलने और भविष्य के राजनीतिक समीकरणों को साधने की उम्मीद है।
विजेंद्र प्रसाद यादव भी कैबिनेट से होंगे बाहर
सियासी हलकों में चर्चा तेज है कि सरकार के सबसे वरिष्ठ मंत्रियों में शामिल विजेंद्र प्रसाद यादव भी अपने उपमुख्यमंत्री पद से हटेंगे। सूत्रों का कहना है कि पार्टी नेतृत्व अब मंत्रिमंडल में युवा चेहरों और नए समीकरणों को प्राथमिकता देने की रणनीति पर काम कर रहा है।
JDU कोटे से सिर्फ एक उपमुख्यमंत्री: ‘निशांत कुमार’
इस फेरबदल की सबसे खास बात यह होगी कि नए सियासी फॉर्मूले के तहत बिहार मंत्रिमंडल में JDU कोटे से केवल एक ही उपमुख्यमंत्री होगा और वह जिम्मेदारी पूरी तरह से निशांत कुमार के कंधों पर होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम न केवल JDU में उत्तराधिकार और नेतृत्व परिवर्तन का संकेत है, बल्कि बिहार कैबिनेट में एक नए युग की शुरुआत का भी ऐलान है। आगामी दिनों में आधिकारिक घोषणा के साथ ही बिहार की राजनीति का नया रूप देखने को मिल सकता है।
