विधायक डॉ. संजीव चौरसिया सहित कई दिग्गज रहे मौजूद
पटना, 10 जून 2026। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक और स्वर्णिम कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज पटना के बेली रोड स्थित खाजपुरा (पिलर नंबर-28) के पौराणिक शिव मंदिर में एक भव्य और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और गौरवशाली आयोजन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
विधायक डॉ. संजीव चौरसिया और प्रदेश महामंत्रियों ने किया हवन
इस विशेष पूजा-अर्चना में मुख्य रूप से दीघा के विधायक-सह-मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल, बिहार विधानसभा) डॉ. संजीव चौरसिया, बिहार भाजपा प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल और महिला नेत्री प्रीति शेखर उपस्थित रहीं।
सभी गणमान्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ कुंड में आहुति देकर देश की तरक्की और प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य के लिए हवन किया। पूजा संपन्न होने के बाद उपस्थित पदाधिकारियों और आम लोगों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
12 वर्षों में बही न्याय के साथ विकास की लहर: डॉ. चौरसिया
इस पावन अवसर पर दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यह विशेष पूजा-अर्चना उनके इसी स्वर्णिम काल के सम्मान में आयोजित की गई है।
डॉ. चौरसिया ने जोर देकर कहा कि इन 12 वर्षों की अवधि में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र पर चलते हुए बिहार सहित पूरे देश में न्याय के साथ विकास की एक अभूतपूर्व लहर बही है, जिससे समाज के हर वर्ग का कल्याण हुआ है।
