पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और बिहार की समृद्धि के लिए की प्रार्थना
पटना, 10 जून 2026। बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को अपने पारिवारिक सदस्यों और सहयोगियों के साथ उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल स्थित श्री माँ नयना देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने माता रानी का आशीर्वाद लिया और देश व राज्य की खुशहाली की कामना की।
शक्तिपीठ का बताया विशेष महत्व
पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बात करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने मंदिर के पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पवित्र मंदिर देवी के 51 शक्तिपीठों में से एक अत्यंत विशिष्ट और अनन्य धाम है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यहाँ माता सती के नयन (आँखें) गिरे थे, जिसके कारण यहाँ उन्हें पिंडी स्वरूप में पूजा जाता है। उन्होंने यह भी साझा किया कि ऐसी अटूट मान्यता है कि माता के दर्शन मात्र से श्रद्धालुओं के सभी प्रकार के नेत्र विकार दूर हो जाते हैं।
पीएम मोदी के 12 वर्ष के ऐतिहासिक कार्यकाल और बिहार के विकास के लिए मांगी मन्नत
विधान सभा अध्यक्ष ने इस पावन अवसर पर माता के दरबार में विशेष प्रार्थना की। उन्होंने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे 12 वर्ष के गौरवशाली कार्यकाल के पूरे होने के उपलक्ष्य में उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही, उन्होंने ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्प को गति देने के लिए प्रधानमंत्री के सुदीर्घ (लंबे) सेवा काल की प्रार्थना भी माँ नयना देवी से की।
इसके साथ ही, डॉ. प्रेम कुमार ने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर बिहार में सुख-शांति, समृद्धि तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए मंगल कामना की।
