नगर आयुक्त ने 16 गंगा घाटों का किया निरीक्षण, छठ महापर्व की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश
जलस्तर घटने के साथ घाटों पर साफ-सफाई, जलजमाव हटाने और पहुंच पथ दुरुस्त करने का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश
28 अक्टूबर 2026। पटना
छठ महापर्व के मद्देनजर पटना नगर निगम द्वारा गंगा घाटों पर तैयारियों को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने नगर निगम क्षेत्रांतर्गत विभिन्न गंगा घाटों का स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने दीघा पाटीपुल, जेपी सेतु घाट, मीनार घाट, बालू पर, एलसीटी घाट, राजापुर पुल, बांस घाट, कलेक्ट्रेट घाट एवं महेंद्रू घाट सहित कुल 16 घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की वर्तमान स्थिति, साफ-सफाई, पहुंच पथ, जलजमाव तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर पटना नगर निगम चलाएगा विशेष अभियान ‘स्वच्छता संकल्प’
जलस्तर घटने के साथ तेज करें साफ-सफाई
मानसून के दौरान गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई घाट जलमग्न हो गए थे। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि जैसे-जैसे घाटों से पानी निकल रहा है, वैसे-वैसे संबंधित स्थलों पर साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। घाटों के विभिन्न हिस्सों में जमा पानी एवं कीचड़ को हटाने तथा जलजमाव वाले स्थानों को पोकलेन सहित अन्य मशीनों की सहायता से दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
कटाव प्रभावित घाटों पर वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी
गंगा में बाढ़ के कारण बांस घाट, पहलवान घाट सहित कुछ कच्चे घाटों पर कटाव की समस्या उत्पन्न हुई है। ऐसे स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने कटाव प्रभावित घाटों को चिह्नित करने तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था के तहत तालाब निर्माण की तैयारी करने का निर्देश दिया ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर अर्घ्य अर्पित करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
दशहरा एवं रामलीला महोत्सव को लेकर पटना नगर निगम की विशेष तैयारी
कलेक्ट्रेट एवं महेंद्रू घाट के लिए अलग-अलग पहुंच पथ
निरीक्षण के दौरान अभियंताओं ने नगर आयुक्त को जानकारी दी कि इस वर्ष कलेक्ट्रेट घाट एवं महेंद्रू घाट के लिए अलग-अलग पहुंच पथ तैयार किए जा रहे हैं। पंप के माध्यम से जलनिकासी की जा रही है और पोकलेन आदी मशीनों से घाट पर बने गड्ढों को भरकर समतल किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने सभी घाटों के पहुंच पथ पर जमा कीचड़ एवं पानी को शीघ्र हटाकर मार्ग को सुगम बनाने का निर्देश दिया।
बैरिकेडिंग, वॉच टावर, चेंजिंग रूम एवं रोशनी की व्यवस्था पर जोर
नगर आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर सुरक्षा एवं सुविधा से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसमें सैंडबैग एवं बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग, वॉच टावर का निर्माण, चेंजिंग रूम की व्यवस्था, पार्किंग स्थल का प्रबंधन तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा तैयारियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त, मुख्य नगर अभियंता, पाटलिपुत्र अंचल एवं नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, स्वच्छता पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
