Monday, July 27, 2026
HomeTop Storiesजन सुराज की बड़ी जीत: मुख्य चुनाव अधिकारी का आश्वासन, बांकीपुर उपचुनाव...

जन सुराज की बड़ी जीत: मुख्य चुनाव अधिकारी का आश्वासन, बांकीपुर उपचुनाव प्रक्रिया से बाहर रहेंगी जीविका दीदियां

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान सरकारी और अर्ध-सरकारी कर्मियों के चुनावी प्रक्रिया में इस्तेमाल को लेकर जन सुराज की पहल पर चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि बांकीपुर उपचुनाव में जीविका दीदियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं जैसे किसी भी गैर-सरकारी या अर्ध-सरकारी कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति नहीं की जाएगी।

​सोमवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर इस मुद्दे पर कड़ा एतराज जताया था, जिसके बाद आयोग ने संज्ञान लेते हुए पटना के जिलाधिकारी को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

​आचार संहिता उल्लंघन पर भी चुनाव आयोग सख्त

​प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि बांकीपुर क्षेत्र में सत्ताधारी दल द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन का मामला भी चुनाव आयोग के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया। जन सुराज का आरोप है कि चुनाव प्रचार के नाम पर बीजेपी के 30 सांसद, 201 विधायक, पूर्व विधायक और पूर्व विधान पार्षद भारी सुरक्षा बल के साथ बांकीपुर में डेरा डाले हुए हैं।

​जन सुराज के ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सहमति जताई कि वीवीआईपी नेताओं द्वारा सरकारी सुविधाओं, वाहनों और संस्थानों का ऐसा उपयोग अनुचित है और इस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

​24 घंटे के अल्टीमेटम का असर

​प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने बताया कि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आदर्श आचार संहिता की धज्जियां उड़ाए जाने का सच मीडिया के सामने रखा था। उन्होंने चुनाव आयोग को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया था कि यदि जीविका दीदियों और अर्ध-सरकारी कर्मियों को चुनावी ड्यूटी से अलग नहीं किया गया, तो जन सुराज आयोग के खिलाफ धरने पर बैठेगा।

​प्रशांत किशोर के इस कड़े रुख और प्रतिनिधिमंडल द्वारा चुनाव पर्यवेक्षक व मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन का ही असर है कि आयोग को जन सुराज की मांग स्वीकार करनी पड़ी।

​प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ, बांकीपुर विधानसभा प्रभारी रामबली चंद्रवंशी और पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे