Wednesday, July 22, 2026
HomeTop Storiesजंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज और पेपर लीक के मुद्दे पर बरसे...

जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज और पेपर लीक के मुद्दे पर बरसे प्रशांत किशोर, कहा— ‘अब दबने वाली नहीं युवाओं की आवाज’

बांकीपुर में भाजपा के अहंकार को चकनाचूर करेगी जनता: प्रशांत किशोर

  • ​नीट पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
  • ​30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव में सम्राट चौधरी के नेतृत्व को खारिज करने का किया दावा

पटना, 21 जुलाई 2026: जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशी प्रशांत किशोर (PK) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक का विरोध कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और जन सुराज कार्यकर्ता की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। बांकीपुर के वार्ड नंबर 22 (कृष्णा पथ, रामहरि अपार्टमेंट) में आयोजित एक मोहल्ला बैठक को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि पूरे देश में पेपर लीक, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी का जो मुद्दा गहराया है, वह अब दबने वाला नहीं है।

​पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने जन सुराज कार्यकर्ता की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह मुकाबला भाजपा के अहंकार तथा बांकीपुर की स्वाभिमानी जनता के बीच है। उन्होंने कहा, “चाहे भाजपा प्रशासन के दम पर डरा ले, गिरफ्तारियां करा ले, धमकियां दे या पैसे के बल पर खरीदने की कोशिश करे, इस बार उनका कोई दांव नहीं चलेगा।”

​बांकीपुर में भाजपा की हार तय, जनता देगी इन 3 वजहों से करारा जवाब

​प्रशांत किशोर ने दावा किया कि 30 जुलाई को होने वाले मतदान में बांकीपुर की जनता भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसके पीछे तीन मुख्य कारण बताए:

  1. सम्राट चौधरी का नेतृत्व अस्वीकार्य: बिहार की जनता यह स्पष्ट संदेश देना चाहती है कि सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री के रूप में नेतृत्व बिहार को मंजूर नहीं है। बांकीपुर में भाजपा की हार सम्राट चौधरी के हटने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
  2. जनता के अपमान और धार्मिक प्रतीकों के अनादर का बदला: भाजपा नेताओं के अहंकार की सीमा यह हो गई है कि वे मानकर बैठे हैं कि ‘किसी को भी खड़ा कर देंगे तो वोट मिल जाएगा’। यहां तक कि धार्मिक प्रतीकों और हनुमान जी के रूप का भी राजनीतिक रैलियों में दुरुपयोग किया जा रहा है। जनता इस अपमान और अहंकार का बदला अपने वोट से लेगी।
  3. स्थानीय जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर चोट: सांसद और विधायक इस भ्रम में निश्चिंत बैठे हैं कि बिना काम किए भी जाति-धर्म, मोदी जी के चेहरे या लालू प्रसाद यादव के डर के नाम पर चुनाव जीता जा सकता है। बांकीपुर के मतदाता इस बार इस भ्रम को तोड़ेंगे।

​”संसद के पिछले दरवाजे से निकलना पड़ा” — केंद्र सरकार पर सीधा हमला

​दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिसिया लाठीचार्ज की निंदा करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “कल देश के भविष्य, हमारे बच्चों और भाइयों पर जिस निर्दयता से लाठियां बरसाई गईं, उसका मुंहतोड़ जवाब बांकीपुर के लोग वोट के जरिए देंगे। छात्रों के साथ नाइंसाफी, लगातार होते पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के कारण ही आज ऐसी स्थिति बनी कि देश के प्रधानमंत्री को संसद भवन से पिछले रास्ते से निकलना पड़ा।”

​उन्होंने स्थानीय नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री को जनआक्रोश के सामने रुख बदलना पड़ रहा है, तो बिहार के ‘छुटभैया’ नेता जन सुराज के कार्यकर्ताओं को डराना बंद करें। जनता ने मन बना लिया है और 30 जुलाई को भाजपा की करारी हार तय है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे