पटना | 14 सितंबर 2026
पटना सदर की अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कृत्तिका मिश्रा ने सोमवार (14 सितंबर 2026) को कुर्जी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सहायक समाहर्ता (पटना), सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) और विद्यालय के अन्य कर्मी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने स्कूल की सभी कक्षाओं और रसोई घर (मेस) का बारीक अवलोकन किया। निरीक्षण के समय विद्यालय के पंजी के अनुसार कुल 100 बालिकाएं नामांकित पाई गईं, जिनमें कक्षा-6 में 30, कक्षा-7 में 50 और कक्षा-8 में 50 छात्राएं शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान सामने आईं मुख्य बातें और छात्राओं की मांगें:
छात्राओं की मांग: स्कूल की छात्राओं ने SDO के समक्ष डांस (नृत्य) और सामाजिक विज्ञान (Social Science) की शिक्षिका उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इसके साथ ही बच्चियों ने दैनिक भोजन (मेस) के मीनू में बदलाव की मांग रखी।
डांस शिक्षिका की तैनाती: छात्राओं की मांग पर संज्ञान लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने सर्व शिक्षा अभियान के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को तुरंत डांस क्लास की शिक्षिका की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। DPO ने आश्वासन दिया कि इसके लिए बिहार शिक्षा परियोजना को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा।
स्वास्थ्य पंजी: विद्यालय की स्वास्थ्य जांच पंजी अद्यतन (अपडेटेड) पाई गई।
साफ-सफाई की स्थिति: सहेली कक्ष और उन कक्षाओं/कमरों की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई, जहां छात्राएं पढ़ाई और विश्राम करती हैं।
जीविका दीदी से लखपति दीदी तक, नालंदा की सुनीता देवी की कहानी, राष्ट्रीय मंच पर हुई चर्चा, केंद्रीय मंत्री ने की सराहना
लापरवाही पर सख्त निर्देश और अल्टीमेटम:
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की विभिन्न पंजीयों की जांच में अनियमितता पाई गई। रोकड़ पंजी (Cash Register), स्टॉक पंजी और अभिश्रव (Vouchers) अद्यतन संधारित नहीं पाए गए। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने तीन दिनों के भीतर सभी पंजीयों को अपडेट करने का कड़ा निर्देश दिया।
इसके अलावा, अनुमंडल पदाधिकारी ने पिछले एक माह का बायोमैट्रिक अटेंडेंस (Biometric Attendance) रिकॉर्ड उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।
राजस्व संवर्धन अभियान में पटना नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 116 नई संपत्तियों का कर निर्धारण
भवन की समस्या का समाधान:
निरीक्षण के दौरान उपस्थित शिक्षिकाओं ने विद्यालय भवन की छत पर जलजमाव की समस्या से अवगत कराया। इस पर SDO ने सर्व शिक्षा अभियान के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को विद्यालय में सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग से पत्राचार करने का निर्देश दिया।
