राष्ट्रवादी सनातनी संगठन ‘संकल्प बिहार’ का गठन, भ्रष्टाचार और सनातन विरोधियों के खिलाफ बुलंद करेंगे आवाज
बिष्णु नारायण चौबे
खुसरूपुर। समाज में विकास को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद व राष्ट्र-सनातन विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होने के लिए आज प्रखंड के हेमजापुर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
राधा रमण तिवारी के निवास स्थान पर आयोजित इस बैठक में सर्वसम्मति से एक नए गैर-राजनीतिक संगठन ‘संकल्प बिहार’ का गठन किया गया है।
बैठक में क्षेत्र के कई गणमान्य और प्रबुद्ध नागरिकों ने हिस्सा लिया। सभी सदस्यों ने एक सुर में संगठन के नाम ‘संकल्प बिहार’ पर अपनी मुहर लगाई।
संगठन को सही दिशा और मार्गदर्शन देने के लिए वर्तमान में राधा रमण तिवारी को सर्वसम्मति से ‘संकल्प बिहार’ का संरक्षक चुना गया है। इसके साथ ही वर्तमान में संगठन का मुख्यालय हेमजापुर स्थित राधा रमण तिवारी के निवास स्थान को ही बनाया गया है।
संगठन के विस्तार और इसे धरातल पर मजबूत करने के लिए अगली बैठक की तिथि भी निर्धारित कर दी गई है। ‘संकल्प बिहार’ की अगली बैठक 01 नवंबर 2026 (दिन रविवार) को दोपहर 3:00 बजे होगी। इस बैठक में संगठन के सभी पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी और कार्य समिति का विधिवत गठन किया जाएगा।
जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि ‘संकल्प बिहार’ एक पूरी तरह से गैर-राजनीतिक और राष्ट्रवादी सनातनी संगठन है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में विकास कार्यों को गति देना, प्रशासनिक व सामाजिक स्तर पर फैले भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद पर कड़ा प्रहार करना है।
इसके साथ ही देश और सनातन संस्कृति के खिलाफ काम करने वाले तत्वों का पुरजोर विरोध करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
बैठक में मुख्य रूप से प्रोफेसर जगदीश प्रसाद (खुसरूपुर), दीपक कुमार लाल (खुसरूपुर), मनोज यादव (छोटा हसनपुर), पिन्टू शुक्ला (हेमजापुर), रावी रमण अवस्थी (हेमजापुर) और सुकेश कुमार (कटौना) उपस्थित रहे।
