पटना (विशेष संवाददाता): राजधानी पटना को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त शहर बनाने की दिशा में पटना नगर निगम ने एक बड़ा मास्टरप्लांट तैयार किया है। निगम क्षेत्र में सतत विकास, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से करीब ₹2,463.91 करोड़ की छह बड़ी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम शुरू किया जा रहा है।
नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा चयनित एजेंसी के साथ पटना नगर निगम जल्द ही एकरारनामा (MoU) करेगा, जिसके बाद इन सभी प्रोजेक्ट्स की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार की जाएगी।
इन 6 प्रमुख परियोजनाओं पर होगा काम:
- न्यू मार्केट कमर्शियल कॉम्प्लेक्स: पटना जंक्शन के पास स्थित ऐतिहासिक न्यू मार्केट का पुनर्विकास कर इसे ₹590.05 करोड़ की लागत से बहुमंजिला और आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा।
- खेतान मार्केट कमर्शियल कॉम्प्लेक्स: खेतान मार्केट को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत ₹736.41 करोड़ की लागत से आधुनिक रूप दिया जाएगा।
- वार्ड-42 में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स: वार्ड-42 में ₹280.44 करोड़ की लागत से एक आधुनिक बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा।
- शहरव्यापी वेंडिंग जोन: स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित करने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में ₹724.93 करोड़ की लागत से वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे।
- अतिथि गृह-सह-नागरिक सुविधा केंद्र: श्रीकृष्ण पुरी में 19 हजार वर्ग फीट में ₹82.08 करोड़ की लागत से गेस्ट हाउस, बैंक्वेट हॉल, रेस्तरां और नागरिक सुविधाओं से लैस केंद्र बनेगा।
- अर्बन ग्रीन एवं रिक्रिएशनल इंफ्रास्ट्रक्चर: शहर में पर्यावरण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए ₹50 करोड़ की लागत से साइकिल ट्रैक, वॉक-वे, लैंडस्केपिंग और जनसुविधा केंद्र विकसित किए जाएंगे।
ऐसा होगा वित्तीय ढांचा (Financial Model):
इन परियोजनाओं के लिए बजट जुटाने की व्यवस्था तय कर ली गई है:
- 50% राशि: पटना नगर निगम स्वयं बाजार आधारित वित्तीय संसाधनों से जुटाएगा।
- 25% राशि: राज्य सरकार द्वारा अनुदान के रूप में मिलेगी।
- 25% राशि: केंद्र सरकार की सहायता से उपलब्ध कराई जाएगी।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से पटनावासियों को विश्वस्तरीय व्यावसायिक और नागरिक सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के लिए स्थायी जगह बनेगी और नगर निगम के राजस्व में भी भारी बढ़ोतरी होगी।
