छठ महापर्व 2026 की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने 52 गंगा घाटों का किया निरीक्षण
02 नवंबर 2026 | पटना
छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पटना नगर निगम ने घाटों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने पदाधिकारियों एवं अभियंताओं की टीम के साथ पथरी घाट से दीदारगंज बालू घाट तक अजीमाबाद एवं पटना सिटी अंचल के अंतर्गत आने वाले 52 गंगा घाटों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों की वर्तमान स्थिति, जलस्तर, बैरिकेडिंग, पहुंच पथ एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लेते हुए सभी आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
दो दिनों में बढ़ा गंगा का जलस्तर, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान नरकट घाट, लोहरवा घाट, हनुमान घाट, जजेज घाट और कंटाही घाट सहित कई घाटों पर पिछले दो दिनों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति सामने आई। नगर आयुक्त ने मौके पर उपलब्ध मानवबल की सहायता से पानी की गहराई का आकलन कराया तथा अधिकारियों को लगातार जलस्तर की निगरानी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व के वर्षों के अनुभव और गंगा के जलस्तर में संभावित उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के सभी इंतजाम किए जाएं। नहाय-खाय से पहले सभी संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर लाल कपड़े से घेराबंदी तथा पर्याप्त बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नगर आयुक्त ने 16 गंगा घाटों का किया निरीक्षण, छठ महापर्व की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश
डबल लेयरिंग और क्रॉस बैरिकेडिंग से मजबूत होगी सुरक्षा
नगर आयुक्त ने सभी घाटों पर बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग के दौरान डबल लेयरिंग और क्रॉस बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही बैरिकेडिंग में नेट लगाने को भी कहा, ताकि श्रद्धालुओं को गहरे पानी की ओर जाने से रोका जा सके और सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी बनाई जा सके।
दलदली क्षेत्र को देखते हुए टेढ़ी घाट का स्थान बदला
निरीक्षण के दौरान अजीमाबाद अंचल के टेढ़ी घाट के पास पूर्व में चिह्नित छठ घाट की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित स्थल अभी भी दलदली है। व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उक्त छठ घाट को एक पिलर आगे शिफ्ट किया गया है।
नगर आयुक्त ने टेढ़ी घाट, महाराज घाट एवं केशव घाट के पहुंच पथ को बीएसआरडीसी द्वारा निर्माणाधीन सड़क से जोड़ने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में सुविधा हो।
गाय घाट पर छठ की तैयारियों के लिए निर्माण एजेंसी को मशीनें हटाने का निर्देश
गाय घाट पर महात्मा गांधी सेतु के समानांतर पुल का निर्माण कार्य जारी है। छठ महापर्व के मद्देनजर घाट को श्रद्धालुओं के लिए तैयार करने और पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ने संबंधित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि को घाट क्षेत्र से सभी मशीनें एवं निर्माण उपकरण हटाने का निर्देश दिया। एजेंसी द्वारा छठ महापर्व के उपरांत पुनः निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
कच्चे घाटों पर सीढ़ियों और पहुंच पथ का निर्माण प्राथमिकता पर
निरीक्षण के दौरान कई कच्चे घाटों पर मिट्टी के कटाव से बने बड़े गड्ढे तथा पहुंच पथ पर गाद एवं मिट्टी जमा होने की स्थिति पाई गई। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अभियंताओं को घाटों पर सीढ़ियों के निर्माण, गड्ढों को दुरुस्त करने और पहुंच पथ को सुगम बनाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
दुर्घटना संभावित स्थलों की घेराबंदी, पक्के घाटों पर रंग-रोगन का कार्य प्रारंभ
नगर निगम द्वारा बिजली के खंभों, गड्ढों एवं दलदली क्षेत्रों को चिह्नित कर लाल कपड़े से घेराबंदी की जा रही है। वहीं, पक्के घाटों पर बाढ़ के बाद जमा गाद की सफाई तथा पोर्टिको सहित अन्य संरचनाओं के रंग-रोगन का कार्य भी जारी है। नगर आयुक्त ने सभी कार्यों को समय पर पूरा करने और घाटों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।
भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश और निकासी के अलग-अलग रास्ते
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित करने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए नगर आयुक्त ने सभी घाटों पर प्रवेश एवं निकासी के अलग-अलग रास्ते निर्धारित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से कच्चे घाटों पर इस व्यवस्था को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु रहे और भीड़ का दबाव एक ही स्थान पर न बने।
नगर आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, पहुंच पथ एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।
