Saturday, September 5, 2026
HomeTop Storiesरेड अलर्ट और गंगा के उफान के बीच एक्शन में पटना नगर...

रेड अलर्ट और गंगा के उफान के बीच एक्शन में पटना नगर निगम, आयुक्त यशपाल मीणा ने किया संवेदनशील इलाकों का दौरा

भारी बारिश के एक घंटे में ही प्रमुख इलाके जलजमाव से मुक्त, स्लुईस गेट बंद, नाले ब्लॉक, सीपेज रोकने के लिए सैंड बैग लगाने का निर्देश

पटना, 5 सितंबर 2026।

मानसून के रेड अलर्ट और गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर की दोहरी चुनौती के बीच पटना नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में है। नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने शनिवार को स्थिति पर सीधी नजर रखते हुए शहर के बाढ़ प्रभावित और अति संवेदनशील इलाकों का सघन दौरा किया।

बिहार में बाढ़ का तांडव: 18 जिले पानी-पानी, पटना-गया रेल रूट ठप; सरकार ने मंत्रियों को जमीन पर उतारा

शुक्रवार देर रात और शनिवार सुबह हुई तेज बारिश के बावजूद निगम की मुस्तैदी से शहर ने राहत की सांस ली। निगम की टीमों ने बारिश थमने के लगभग एक घंटे के भीतर ही खेतान मार्केट, राजेंद्र नगर, पाटलिपुत्र, गांधी मैदान, सिटी चौक, करबिगहिया और चिरैयाटांड़ पुल सहित प्रमुख स्थलों से जलजमाव को पूरी तरह खत्म कर दिया।

गंगा के जलस्तर में निरंतर वृद्धि को देखते हुए नगर आयुक्त ने आज कुर्जी, गोसाईं टोला, 83 नंबर गेट, सैदपुर संप, कृष्णा घाट, योगीपुर संप, एनबीसीसी संप, करबिगहिया, एयरपोर्ट रोड, खनुआ नाला और प्रेमकुंज डीपीएस समेत कई संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर ही पंपिंग सिस्टम, जलनिकासी व्यवस्था और संभावित खतरे की समीक्षा की।

गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर अलर्ट मोड पर पटना नगर निगम; घाटों पर सुरक्षा सख्त, विस्थापितों के लिए विशेष इंतजाम

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने तीन बड़े निर्देश दिए –

1. पंप सेट रहेंगे स्टैंडबाय: सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पंप सेट स्टैंडबाय मोड में रखे जाएं। गंगा का जलस्तर कम होते ही अगर दोबारा तेज बारिश होती है तो बिना एक मिनट की देरी के पंप चलाए जा सकें।

2. सीपेज रोकने को सैंड बैग: गंगा किनारे और निचले इलाकों में पानी के रिसाव को रोकने के लिए पर्याप्त सैंड बैग रणनीतिक स्थानों पर लगाने को कहा गया है। जल संसाधन विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

3. स्लुईस गेट बंद, नाले ब्लॉक: गंगा का पानी शहर में प्रवेश न करे, इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी स्लुईस गेट बंद कर दिए हैं, जबकि नगर निगम ने गंगा से जुड़ने वाले सभी नालों को ब्लॉक कर दिया है।

पटना में बाढ़ का खतरा: गंगा के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन अलर्ट, शहर में पानी रोकने के लिए 108 रास्ते बंद

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि गंगा के बढ़े जलस्तर के कारण कुछ जगहों पर सीपेज की समस्या आ रही है, लेकिन हर ऐसे स्थल पर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। रेड अलर्ट की अवधि में निगम की सभी टीमें, पंप, मानव संसाधन और उपकरण हाई अलर्ट पर रहेंगे।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने और नागरिकों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जलजमाव या सीपेज की सूचना तुरंत नगर निगम कंट्रोल रूम को दें।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे