बाढ़, पटना।
बिहार की राजनीति में बाढ़ लोकसभा सीट से एक बड़ा उलटफेर करने वाले पूर्व सांसद विजय कृष्ण इन दिनों अस्वस्थ चल रहे हैं। वे इन दिनों अपने गृह क्षेत्र बाढ़
के समीप स्थित अठमलगोला के पास कल्याणपुर गांव के आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
उनके अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही उनसे जुड़े लोग, शुभचिंतक और विभिन्न दलों के नेता लगातार उनसे मिलने कल्याणपुर पहुंच रहे हैं।
शनिवार शाम बाढ़ के पूर्व भाजपा विधायक ज्ञानू सिंह ने उनके आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार भी उनसे मिलकर उनका कुशल-क्षेम पूछ चुके हैं।
आज रविवार दोपहर बिहार के वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व सांसद के करीबी मित्र अरुण कुमार पांडेय, फतुहा राजद अध्यक्ष डॉ. दयानंद प्रसाद यादव और अभिषेक कुमार ने कल्याणपुर पहुंचकर उनसे मुलाकात की।
वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि करीब दो महीने पहले बिहार विधानसभा परिसर में उनकी विजय कृष्ण से मुलाकात हुई थी, तब वे बिल्कुल ठीक-ठाक थे। लेकिन आज वे काफी कमजोर नजर आ रहे थे। मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद ने भावुक होते हुए कहा – “अरुण पांडेय जी, आपके आने से मुझे नई ऊर्जा मिली है।”
2004 में नीतीश को दी थी पटखनी
विजय कृष्ण ने साल 2004 के लोकसभा चुनाव में बाढ़ सीट से तत्कालीन रेल मंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हराकर देश भर में सुर्खियां बटोरी थीं।
लंबा राजनीतिक सफर
60 के दशक से राजनीति में सक्रिय रहे विजय कृष्ण जनता दल के टिकट पर बाढ़ विधानसभा से 1990 और 1995 में लगातार दो बार विधायक चुने गए थे। वे लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की सरकार में मंत्री भी रहे हैं।
बताया जाता है कि दिसंबर 2025 में उन्होंने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को पत्र भेजकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से और सक्रिय राजनीति से हमेशा के लिए संन्यास ले लिया था। तब से वे सामान्य जनजीवन व्यतीत कर रहे हैं।
