पटना: बिहार में शराबबंदी के दावों के बीच एक बार फिर चीख-पुकार मच गई है। मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालगंगा स्थित दलित बस्ती में जहरीली शराब ने फिर से कई घरों के चिराग बुझा दिए हैं। इस हृदय विदारक घटना में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब आधा दर्जन लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। दर्जनों लोग निजी अस्पतालों में जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
त्रासदी की कड़वी हकीकत
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बालगंगा की दलित बस्ती में लगभग 40 से अधिक लोगों ने कथित तौर पर जहरीली स्प्रिट का सेवन किया था। इसके बाद अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते मौतों का सिलसिला शुरू हो गया।
दर्दनाक संयोग: गौरतलब है कि अप्रैल 2023 में भी इसी बालगंगा बस्ती में जिले का सबसे बड़ा शराब कांड हुआ था, जिसमें दर्जनों लोगों ने जान गंवाई थी। ठीक उसी जगह दोबारा ऐसी घटना होना प्रशासन की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
तेजस्वी यादव का तीखा प्रहार: “शराबबंदी बनी मौतबंदी”
इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने इस त्रासदी को महज एक हादसा नहीं बल्कि “सिस्टम की विफलता” करार दिया है।
तेजस्वी ने दावा किया कि शराबबंदी लागू होने के बाद से अब तक 1300 से अधिक लोग जहरीली शराब के कारण जान गंवा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि असल आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा भयावह है।
राजद नेता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शराबबंदी अब जनहित का कानून नहीं, बल्कि सत्ता संरक्षित भ्रष्ट तंत्र और शराब माफियाओं के लिए “कमाई की मशीन” बन गई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की मिलीभगत से खुलेआम जहरीली शराब बनाई और बेची जा रही है, जो अब घर-घर तक पहुंच रही है।
प्रशासनिक विफलता और खौफ का माहौल
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। कई पीड़ित परिवार कार्रवाई के डर से चोरी-छिपे निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। बालगंगा की इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शराबबंदी के बावजूद धरातल पर स्प्रिट और जहरीले तरल पदार्थों का अवैध कारोबार बेखौफ जारी है।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर बार-बार एक ही इलाके में ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं? क्या प्रशासन की सख्ती सिर्फ कागजों तक सीमित है या फिर माफियाओं के हाथ सिस्टम से भी ज्यादा लंबे हैं?
