दानापुर स्टेशन पर एनाउंसमेंट सिस्टम फेल, गलत सूचना से यात्री परेशान
दानापुर में उद्घोषणा में लापरवाही : एक पर खड़ी ट्रेन, दूसरे पर आने की घोषणा, 400 मीटर दौड़ते रहे यात्री
दानापुर, पटना। दानापुर रेलवे स्टेशन पर उद्घोषणा व्यवस्था में लगातार हो रही गड़बड़ी से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गलत प्लेटफार्म की घोषणा और समय पर सूचना न बदलने से यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन रही है, लेकिन स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सुबह में 1 नंबर की जगह 1A पर आई ट्रेन, छूट गई कई यात्रियों की गाड़ी
आज सुबह करीब 11:15 बजे की घटना है। दानापुर रेलवे स्टेशन परउद्घोषक लगातार घोषणा कर रहे थे कि ट्रेन संख्या 53212 सासाराम-पटना पैसेंजर प्लेटफार्म नंबर एक पर आएगी। इस ट्रेन का दानापुर आने का निर्धारित समय सुबह 10 बजे है, लेकिन यह अक्सर विलंब से चलती है। आज भी यह ट्रेन डेढ़ घंटे से अधिक की देरी से चल रही थी।
इधर घोषणा सुनकर पटना जाने वाले यात्री असमंजस में पड़ गए, क्योंकि प्लेटफार्म नंबर एक पर पहले से सिकंदराबाद एक्सप्रेस लगी हुई थी। इसी बीच यात्रियों ने देखा कि सासाराम-पटना पैसेंजर बीच की लाइन से होते हुए प्लेटफार्म नंबर 1A की तरफ बढ़ रही है। इसके तुरंत बाद ही उद्घोषणा बदली और कहा जाने लगा कि ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 1A पर आ रही है।
प्लेटफार्म नंबर 1 और 1A के बीच लगभग 400 मीटर से अधिक की दूरी है। इस बदली हुई घोषणा के बाद प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी मच गई। महिला, बुजुर्ग और जवान यात्री सामान लेकर एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म की ओर दौड़ते नजर आए। कुछ यात्री किसी तरह ट्रेन पकड़ने में सफल रहे, लेकिन आधे से ज्यादा यात्री के पहुंचने से पहले ही ट्रेन खुल चुकी थी।
सरस मेला के प्रति लोग का बढ़ा आकर्षण, क्रेता और विक्रेताओं के बीच सेतु बना संवाद कार्यक्रम
शाम को भी दोहराई गई लापरवाही
इसी तरह की गड़बड़ी शाम को भी देखने को मिली। यात्री अनिल सूद पटना-सासाराम पैसेंजर से शाम करीब 7 बजे दानापुर पहुंचे थे। उसी समय स्टेशन पर घोषणा हो रही थी कि दानापुर-राजगीर ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 4 पर खड़ी है।
जबकि दानापुर-राजगीर ट्रेन के खुलने का समय शाम 6:35 बजे है। यात्री के मुताबिक उन्होंने खुद इस ट्रेन को सचिवालय हॉल्ट के पास पटना जंक्शन की ओर जाते हुए देखा था। इसके बावजूद स्टेशन पर उसके प्लेटफार्म पर खड़े होने की घोषणा की जा रही थी। गलत घोषणा सुनकर कई यात्री फुट ओवर ब्रिज से होते हुए प्लेटफार्म नंबर 4 की ओर भागे, जबकि ट्रेन तब तक पटना जंक्शन पहुंच चुकी थी।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। बार-बार गलती होने के बावजूद स्टेशन प्रबंधन न तो इसकी जांच कर रहा है और न ही उद्घोषणा कक्ष में सुधार के लिए कोई ठोस कदम उठा रहा है।
