Sunday, May 24, 2026
Homeअपराधपटना में बेटियां कितनी सुरक्षित? परीक्षा देने आई छात्रा से पिता के...

पटना में बेटियां कितनी सुरक्षित? परीक्षा देने आई छात्रा से पिता के सामने होटल स्टाफ ने की छेड़खानी

पटना। राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था और होटलों में ठहरने वाले आम लोगों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पटना के नीट छात्रा बलात्कार एवं हत्या मामले की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि शहर के एक नामी इलाके के होटल से सुरक्षा को तार-तार कर देने वाली एक और घटना सामने आई है।

सुजाता सिंह

पटना। राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था और होटलों में ठहरने वाले आम लोगों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पटना के नीट छात्रा बलात्कार एवं हत्या मामले की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि शहर के एक नामी इलाके के होटल से सुरक्षा को तार-तार कर देने वाली एक और घटना सामने आई है।

बेगूसराय से अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने आई एक छात्रा के साथ होटल के ही स्टाफ द्वारा आधी रात को कमरे में घुसकर छेड़खानी करने का बेहद शर्मनाक मामला प्रकाश में आया है।

​परीक्षा देकर लौटी छात्रा के कमरे में आधी रात को घुसा स्टाफ

​मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने पिता के साथ परीक्षा देने के बाद रात करीब 11 बजे रुपसपुर थाना क्षेत्र के ‘कालिकेट हिडेन विला’ होटल के कमरा नंबर-103 में रुकी थी। पीड़िता के पिता ने बताया कि उन्होंने ₹1000 में कमरा बुक किया था।

आधी रात को करीब 12:48 बजे जब पिता सो रहे थे और बेटी जगी हुई थी, तभी होटल का एक स्टाफ सत्येंद्र कुमार नशे में धुत होकर कमरे के अंदर दाखिल हो गया।

होटल के रिसेप्शन पर हर कमरे की डुप्लीकेट चाभी उपलब्ध होने का फायदा उठाकर आरोपी कमरे में घुसा और उसने छात्रा का हाथ पकड़कर उसे खींचकर जबरन बाहर लेजाने का प्रयास किया।

​छात्रा के पिता ने बताया, “जब मेरी नींद खुली तो मैंने देखा कि वह मेरी बेटी का हाथ पकड़े हुए था। विरोध करने पर वह बहाने बनाने लगा कि बेल बजाने पर भी दरवाजा नहीं खोलने के कारण वह अंदर आया और लड़की के बारे में पूछताछ करने लगा।”

​पुलिस की छापेमारी में खुला खेल: शराब पीते मिले 4 लड़के और 4 लड़कियां

​घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने अपने स्थानीय रिश्तेदार को सूचित किया, जिसके बाद डायल-112 के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और होटल के कमरों की तलाशी ली, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।

​होटल के अन्य कमरों में खुलेआम शराब और शबाब की महफिल सजी हुई थी। पुलिस ने मौके से 4 लड़कों और 4 लड़कियों को शराब पीते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है

कमरों की हालत बेहद अस्त-व्यस्त थी, जहां खाने-पीने की चीजों के साथ-साथ कई अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के पहुंचते ही होटल का मैनेजर मौके से फरार हो गया।

​मुख्य आरोपी सत्येंद्र गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

​इस पूरे मामले पर सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि रुपसपुर थाने में इस संबंध में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। छेड़खानी के मुख्य आरोपी 31 वर्षीय सत्येंद्र कुमार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

मामले में दो अन्य आरोपी भी नामजद हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही, होटल मालिक को भी जांच के दायरे में लाया गया है और उनसे भी पूछताछ की जाएगी।

​सुरक्षा दावों की खुली पोल, उठ रहे हैं गंभीर सवाल

​पटना में लगातार घट रही इस तरह की घटनाएं यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि बाहरी जिलों से आने वाले छात्र और आम परिवार अब यहां कहां सुरक्षित ठहरें?

होटल प्रशासन की लापरवाही और वहां चल रहे संदिग्ध गोरखधंधों ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। पुलिस अब पकड़े गए लड़के-लड़कियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे इस रैकेट से जुड़े कई बड़े चेहरों का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे