Sunday, May 24, 2026
Homeपटना में 25 मई से चलेंगे विधान मंडल के लिए पिंक, ग्रीन...

पटना में 25 मई से चलेंगे विधान मंडल के लिए पिंक, ग्रीन और इलेक्ट्रिक बसें

पटना: वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए और प्रधानमंत्री के पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने व सार्वजनिक वाहनों को बढ़ावा देने के आह्वान पर बिहार विधान सभा ने एक बड़ा कदम उठाया है। बिहार विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सोमवार, 25 मई 2026 से विशेष पिंक, ग्रीन (CNG) और इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू होने जा रहा है।

​बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार सोमवार की सुबह 8:00 बजे अपने 3, सर्कुलर रोड स्थित आवास से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

​उच्च स्तरीय बैठक में बनी सहमति

​इस ऐतिहासिक निर्णय को लेकर बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में परिवहन विभाग के माननीय मंत्री श्री दामोदर रावत, विधान सभा के उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र नारायण यादव और परिवहन विभाग के सचिव श्री राज कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

​बैठक के दौरान परिवहन विभाग के सचिव ने बताया कि वर्तमान में सचिवालय कर्मियों के लिए विभिन्न रूटों पर 6 इलेक्ट्रिक और 5 पिंक बसें पहले से चल रही हैं, जिसका लाभ सभा सचिवालय के कर्मी भी ले सकते हैं। इसके अलावा, सभा सचिवालय द्वारा कर्मियों की सुविधा के लिए तीन नए विशेष रूटों का प्रस्ताव दिया गया, जिस पर परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत ने तत्काल सहमति जताते हुए सोमवार से ही बसें चलाने का निर्देश दे दिया।

​इन 3 प्रमुख रूटों पर चलेंगी बसें (25 मई से शुरुआत)

​सभा सचिवालय के कर्मियों के आवास क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित रूटों पर बसों का आवंटन किया गया है:

रूट 1: एम्स पटना से बिहार विधान मंडल सचिवालय

मार्ग: फुलवारीशरीफ, अनीसाबाद, चितकोहरा, कच्ची तालाब, गर्दनीबाग और मीठापुर होते हुए।

बसें: इस रूट के लिए 1 इलेक्ट्रिक, 1 सीएनजी और 1 पिंक बस सेवा में रहेगी।

रूट 2: सगुना मोड़ से बिहार विधान मंडल सचिवालय

मार्ग: आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना मोड़, रामनगरी, राजीवनगर थाना, राजवंशी नगर और शास्त्री नगर होते हुए।

बसें: इस रूट के लिए 1 इलेक्ट्रिक बस का परिचालन किया जाएगा।

रूट 3: धनकी मोड़ से बिहार विधान मंडल, निर्वाचन आयोग एवं विकास भवन

मार्ग: कुम्हरार, भूतनाथ मोड़, एनएमसीएच (NMCH), राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया और आर ब्लॉक होते हुए।

बसें: इस रूट के लिए 1 इलेक्ट्रिक, 1 सीएनजी और 1 पिंक बस चलाई जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण और सुगम यातायात की दिशा में बड़ा कदम

​विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण बताया है। इस व्यवस्था से सचिवालय में कार्यरत सैन्यासी और अधिकारियों को समय पर और बिना किसी यातायात जाम की परेशानी के कार्यालय पहुंचने में मदद मिलेगी।

​इस महत्वपूर्ण बैठक में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक श्री अतुल वर्मा, सभा सचिवालय की प्रभारी सचिव सहित परिवहन विभाग एवं विधान सभा के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे