18 सितंबर 2026। पटना
पटना नगर निगम द्वारा पार्किंग स्थलों के संचालन में अनियमितता एवं अवैध वसूली के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कंकड़बाग अंचल अंतर्गत वार्ड संख्या 35 में मेदांता अस्पताल के सामने स्थित निगम के पार्किंग स्थल पर ठेला एवं वेंडरों को स्थान उपलब्ध कराने के नाम पर कथित रूप से 100 से 300 रुपये तक की राशि वसूले जाने का मामला संज्ञान में आया।
पटना नगर निगम ने शुरू की ‘RRR मोबाइल वैन’, पुराने कपड़ों और बर्तनों से होगी जरूरतमंदों की मदद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना नगर निगम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अमेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध कंकड़बाग थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विदित हो कि उक्त स्थल को स्मार्ट पार्किंग के रूप में विकसित कर पार्किंग शुल्क के निर्धारित प्रावधानों के तहत वसूली एवं संचालन का कार्यादेश अमेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था। निगम के संज्ञान में आया है कि कंपनी द्वारा पार्किंग संचालन के बजाय स्थल के कुछ हिस्सों में ठेला एवं वेंडरों को स्थान उपलब्ध कराकर उनसे कथित रूप से अलग से राशि की वसूली की जा रही थी।
इसके अतिरिक्त, स्थानीय लोगों ने भी शिकायत की है कि उक्त स्थल के उपयोग करने पर कंपनी द्वारा “रंगदारी” के रूप में दर हजार रुपये की भी मांग की जाती है। इन शिकायतों एवं प्राप्त तथ्यों के आधार पर निगम द्वारा नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
