SIT जांच और होटल का लाइसेंस रद्द करने की मांग
बेगूसराय की छात्रा के साथ रूपसपुर के होटल हिडेन विला में हुई थी दरिंदगी की कोशिश; जन सुराज ने कहा- बेटियों के साथ अन्याय हुआ तो अब चुप नहीं बैठेंगे
पटना, 29 मई 2026:
राजधानी पटना के एक होटल में पॉलिटेक्निक परीक्षा देने आई छात्रा के साथ हुई छेड़खानी और सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर घटना को लेकर आज शुक्रवार को ‘जन सुराज पार्टी’ का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) से मिला। जन सुराज के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना और पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ललन यादव के नेतृत्व में मिले इस प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी के सामने पांच सूत्री मांगें रखीं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी (SIT) गठन करने की मांग की।
कमरे में घुसकर जबरन खींचने का प्रयास; बेगूसराय से परीक्षा देने आई थी छात्रा
घटना की जानकारी देते हुए जन सुराज के प्रदेश उपाध्यक्ष ललन यादव ने बताया कि बेगूसराय के रहने वाले एक पीड़ित पिता अपनी बेटी को पॉलिटेक्निक की परीक्षा दिलाने के लिए पटना लाए थे। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से रूपसपुर थाना क्षेत्र के ‘होटल हिडेन विला’ में कमरा नंबर 103 लिया था।
लेकिन, देर रात करीब 12:45 बजे सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक अज्ञात युवक कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर घुस गया। आरोपी ने छात्रा के साथ छेड़खानी की और उसे जबरन कमरे से बाहर खींचने का प्रयास किया। इस घटना ने पटना के होटलों में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
DGP ने दिया आश्वासन, खुद करेंगे मॉनिटरिंग
डीजीपी से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि पुलिस महानिदेशक ने इस मामले को बेहद संजीदगी से लिया है। डीजीपी ने आश्वासन दिया है कि वे इस मामले की व्यक्तिगत रूप से निगरानी (Personal Monitoring) करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कम से कम समय में साक्ष्य एकत्र कर कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। डीजीपी के इस आश्वासन से पीड़ित परिवार भी संतुष्ट नजर आया।
जन सुराज प्रतिनिधिमंडल की 5 प्रमुख मांगें:
SIT का गठन: मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में एसआईटी (SIT) बनाई जाए और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो।
होटल प्रबंधन की भूमिका की जांच: होटल हिडेन विला के मालिक, प्रबंधक और कर्मचारियों की भूमिका की विस्तृत जांच हो। यह पता लगाया जाए कि आरोपी रात के वक्त कमरे तक कैसे पहुंचा और सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन क्यों हुआ?
लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई: यदि जांच में होटल परिसर के अंदर किसी भी तरह की अनैतिक या अवैध गतिविधियों के संचालन की पुष्टि होती है, तो होटल का लाइसेंस तुरंत रद्द किया जाए।
पीड़ित परिवार को सुरक्षा: होटल मालिक द्वारा पीड़ित परिवार को लगातार धमकाने की कोशिश की जा रही है। इसलिए पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा दी जाए और धमकी देने वालों पर FIR दर्ज हो।
राज्यव्यापी होटल सुरक्षा ऑडिट: पटना सहित पूरे बिहार के सभी होटलों, लॉज और गेस्ट हाउसों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी बेटी या परिवार के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।
”बेटियों के साथ अन्याय हुआ तो चुप नहीं बैठेगा जन सुराज”
किशोर कुमार मुन्ना ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि इस मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई न केवल पीड़िता को न्याय दिलाएगी, बल्कि बिहार में महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत करेगी। उन्होंने दृढ़ता के साथ कहा, “बिहार में कहीं भी किसी भी बेटी के साथ अन्याय होगा, तो जन सुराज अब चुप नहीं बैठेगा।”
