पूर्वी चंपारण (चकिया):
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और स्थानीय स्तर पर राजनीति में बेहद सक्रिय नेता वीरेंद्र कुमार कुशवाहा पर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया।
हमले के दौरान अपराधियों ने उनके साथ न सिर्फ बुरी तरह मारपीट की, बल्कि गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और सत्तारूढ़ दल के वरिष्ठ नेता पर हुए हमले ने राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मॉर्निंग वॉक के दौरान दबंगों ने की घेराबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 28 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 6:30 बजे की है। 47 वर्षीय बीजेपी नेता वीरेंद्र कुमार कुशवाहा (पिता- स्व. अंबिका प्रसाद कुशवाहा), निवासी ग्राम पंचायत शीतलपूर (सिरसापड़ी, वार्ड-13, थाना चकिया) सुबह टहलकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके घर के समीप पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही कुछ दबंगों ने उन्हें घेर लिया।
‘वकील और नेता बनता है, इसे मारो’— उकसाकर किया हमला
पीड़ित नेता के अनुसार, बारिश के कारण सड़क के किनारे पानी भरा हुआ था, जिससे बचकर वे निकल रहे थे। तभी गांव के अभिषेक रंजन (30 वर्ष, पिता- प्रमोद प्रसाद) ने उन्हें रोकते हुए गाली-गलौज की और फब्तियां कसीं। विरोध करने पर अभिषेक के पिता प्रमोद प्रसाद उर्फ मुन्ना (55 वर्ष) ने अपने बेटों को उकसाते हुए चिल्लाकर कहा— “यह बहुत वकील और नेता बनता है, इसे पकड़ो और जान से मार दो।”
सिर फोड़ा, गला दबाकर हत्या का प्रयास
प्रमोद प्रसाद के उकसाने पर उनके दोनों बेटों— अभिषेक रंजन और अभिरंजन कुमार (25 वर्ष) ने बीजेपी नेता पर हिंसक हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर पर जानलेवा वार कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष से सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई की गुहार
घटना के बाद पीड़ित बीजेपी नेता वीरेंद्र कुमार कुशवाहा ने चकिया थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
