पटना | 27 फरवरी, 2026 पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की 20वीं बैठक शुक्रवार को महापौर श्रीमती सीता साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
मौर्यलोक कॉम्प्लेक्स स्थित महापौर कार्यालय में आयोजित इस बैठक में शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और राजस्व वृद्धि से जुड़े कुल 79 विषयों पर विस्तृत चर्चा के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में उप-महापौर श्रीमती रेशमी कुमारी और नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
रिवर फ्रंट विकास: दीघा से दीदारगंज तक दिखेगा नया नजारा
बैठक का सबसे बड़ा आकर्षण रिवर फ्रंट विकास परियोजना रही। इसके तहत नोजर कटरा से दीदारगंज और कलेक्टेरियट घाट से दीघा घाट तक के क्षेत्र का कायाकल्प किया जाएगा। परियोजना के लिए जल्द ही डीपीआर तैयार कर केंद्र और राज्य सरकार को भेजा जाएगा। इसमें सुरक्षित पैदल पथ, लाइटिंग, हरित क्षेत्र और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार प्रस्तावित है।
राजस्व वृद्धि के लिए नई एजेंसी का होगा चयन
निगम की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए नगर निगम क्षेत्र के भवनों का पुनः कर निर्धारण किया जाएगा। इसके लिए एक प्रोफेशनल एजेंसी के चयन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। वैज्ञानिक मूल्यांकन और अद्यतन सर्वेक्षण के जरिए टैक्स चोरी रोकी जाएगी और पारदर्शिता लाई जाएगी।
विद्युत शवदाह गृहों का कायाकल्प और बुनियादी ढांचा
शवदाह गृह: रामचक बैरिया में मवेशियों के लिए विद्युत शवदाह गृह के जीर्णोद्धार के साथ-साथ खाजेकलाँ और गुलाबीघाट स्थित शवदाह गृहों के आधुनिकीकरण को हरी झंडी मिली।
सड़क और नाला निर्माण: वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए विभिन्न वार्डों में ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण, जलजमाव से मुक्ति और भूगर्भ नाला निर्माण के प्रस्ताव पास हुए।
पेयजल: जलापूर्ति पाइपलाइन विस्तार और हाई यील्ड बोरिंग के जरिए हर घर तक शुद्ध पानी पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।
त्वरित समाधान: क्षतिग्रस्त मैनहोल की मरम्मत के लिए ‘मैनहोल एम्बुलेंस’ के संचालन को मंजूरी दी गई है।
महापौर श्रीमती सीता साहू ने कहा कि निगम का लक्ष्य पटना को स्वच्छ और आधुनिक शहर बनाना है। वहीं, नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने भरोसा दिलाया कि सभी स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर धरातल पर उतारा जाएगा और इनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी
