Tuesday, April 14, 2026
Homeराजनीतिनीतीश कुमार ने गोडसेवादियों को सत्ता सौंपकर बाबा साहब की आत्मा को...

नीतीश कुमार ने गोडसेवादियों को सत्ता सौंपकर बाबा साहब की आत्मा को किया आहत: तेजस्वी यादव

राजद कार्यालय में मनाई गई बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती

मेधावी दलित छात्र-छात्राओं को तेजस्वी ने किया सम्मानित, भेंट किए चेक और शॉल

नीतीश के इस्तीफे और एनडीए की नई सरकार पर नेता प्रतिपक्ष का तीखा हमला

पटना, 14 अप्रैल 2026। बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि बापू और आंबेडकर के विचारों को कमजोर करने वाली ‘गोडसेवादी’ शक्तियों को सत्ता सौंपकर नीतीश कुमार ने बाबा साहब की आत्मा और उनके विचारों के साथ विश्वासघात किया है।

​बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती समारोह को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि आज का दिन संवैधानिक मूल्यों को बचाने के संकल्प का दिन है।

​तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के इस्तीफे और एनडीए सरकार के गठन पर निशाना साधते हुए कहा:

“जहां हम भाजपा-आरएसएस की नफरती राजनीति को रोकने की लड़ाई लड़ रहे थे, वहीं नीतीश जी ने उनके लिए मैदान तैयार कर दिया। बापू के हत्यारे की नीतियों पर चलने वालों को सत्ता सौंपना इस देश के वंचितों और पिछड़ों के अधिकारों पर हमला है।”

​उन्होंने आगे कहा कि जो लोग परिवारवाद पर सवाल उठाते थे, वे आज बिना किसी संघर्ष के विधायक बने लोगों को मंत्री पद से नवाज रहे हैं। उन्होंने सम्राट चौधरी के ‘सर्टिफिकेट’ पर जदयू की पिछली चुप्पी और राज्य की वर्तमान आर्थिक स्थिति (खाली खजाना) पर भी गंभीर सवाल उठाए।

​इस अवसर पर तेजस्वी यादव ने दलित समाज के होनहार छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया। इंटरमीडिएट और मैट्रिक की परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली सुश्री सोनी कुमारी, विकास कुमार मल्लिक और चंदन मल्लिक को राजद की ओर से शॉल और ₹5100 का चेक देकर सम्मानित किया गया। तेजस्वी ने जोर दिया कि शिक्षित, संगठित और संघर्षशील बनना ही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है।

​कार्यक्रम में तेजस्वी ने महिला आरक्षण में ‘आरक्षण के भीतर आरक्षण’ (SC, ST, OBC और अल्पसंख्यकों के लिए) की मांग को दोहराया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि साम्प्रदायिक शक्तियों के खिलाफ अब सदन से लेकर सड़क तक निर्णायक आंदोलन छेड़ा जाएगा।

​कार्यक्रम की एक खास विशेषता गुजरात दंगे के ‘पोस्टर बॉय’ रहे अशोक मोची और कुतुबुद्दीन अंसारी की उपस्थिति रही। पार्टी ने दोनों का स्वागत कर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

​समारोह की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने की और संचालन उदय नारायण चौधरी ने किया। इस दौरान अब्दुलबारी सिद्दीकी, डॉ. रामचंद्र पूर्वे, कांति सिंह और जयप्रकाश नारायण यादव सहित राजद के तमाम वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे