पटना महापौर ने सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर दी बधाई
अनुभवी नेतृत्व से नगरीय और ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति: सीता साहू
पटना, 14 अप्रैल 2026। पटना की महापौर श्रीमती सीता साहू ने श्री सम्राट चौधरी को बिहार एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस निर्णय को बिहार की राजनीति के लिए एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम बताया है।
महापौर सीता साहू ने कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा ऐसे नेतृत्व पर भरोसा जताया है जो समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की क्षमता रखता हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व में राज्य में समावेशी विकास को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा:
“सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में युवाओं, महिलाओं, किसानों और व्यापारियों के लिए प्रगति के नए द्वार खुलेंगे। बिहार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।”
श्रीमती साहू ने सम्राट चौधरी के पिछले कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि वे नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री रह चुके हैं। उनके इस अनुभव का लाभ बिहार के नगरीय निकायों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनके विजन से न केवल ग्रामीण बल्कि शहरी विकास की योजनाओं में भी तेजी आएगी और सुशासन के साथ जनकल्याण के नए आयाम स्थापित होंगे।
महापौर ने सम्राट चौधरी की संगठनात्मक क्षमता और जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि उनका लंबा राजनीतिक अनुभव राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि एनडीए सरकार की पूर्ववर्ती उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए यह नया नेतृत्व बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
