अगर यही घटना सत्ता में बैठे लोगों की बेटी के साथ हो तो भी ‘छिटपुट’ कहेंगे?”: मंत्री अशोक चौधरी के बयान पर भड़के प्रशांत किशोर
पटना | 25 सितंबर 2026
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने समस्तीपुर की संवेदनशील घटना को ‘छोटी-मोटी’ या ‘छिटपुट’ बताने पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को पटना में जारी प्रेस नोट में प्रशांत किशोर ने सत्ता पक्ष के असंवेदनशील रवैये पर कड़ा एतराज जताते हुए सीधा सवाल दागा कि अगर यही बर्बरता सत्ता में बैठे लोगों के परिवार के साथ हो, तो क्या तब भी इसे छिटपुट घटना ही कहा जाएगा?
”घर की बेटियों के साथ हो तो क्या यह छिटपुट होगा?”
समस्तीपुर मामले पर मंत्री अशोक चौधरी की टिप्पणी का जवाब देते हुए प्रशांत किशोर ने बेहद तल्ख लहजे में कहा:
“यह सीधे तौर पर प्रशासन और सरकारी व्यवस्था की नाकामी है। दुख व्यक्त करने और दोषियों पर त्वरित व सख्त कार्रवाई करने के बजाय सरकार के जिम्मेदार लोग घटना का मजाक उड़ा रहे हैं। अगर आपके या हमारे घर की बेटियों के साथ ऐसा हो जाए, तो क्या आप तब भी इसे छिटपुट घटना कहेंगे? जापान या अमेरिका जैसे विकसित देशों में ऐसी घटना का कोई एक वीडियो भी निकालकर दिखा दीजिए।”
JDU-BJP की खींचतान में पिस रही कानून-व्यवस्था
प्रशांत किशोर ने राज्य की प्रशासनिक लाचारी के लिए सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस राज्य का नेतृत्व ही अयोग्य और आपराधिक पृष्ठभूमि के हाथों में होगा, वहां बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीद करना बेवकूफी है।
उन्होंने कहा कि जेडीयू और बीजेपी के बीच जारी वर्चस्व की जंग के कारण बिहार में अब तक पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) तक तय नहीं हो पा रहा है। पीके ने आगाह किया कि यह प्रशासनिक ढिलाई और अराजकता की महज शुरुआत है, आने वाले दिनों में बिहार के हालात और अधिक बदतर होने वाले हैं।
