पितृपक्ष मेला पुनपुन में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा
पटना, 25 सितंबर 2026
पितृपक्ष मेला पुनपुन का शुभारंभ हो गया है। मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बुडको में नमामि गंगे एवं अमृत योजनाओं की प्रबंध निदेशक द्वारा की गई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित स्थानीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी सजगता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध हो।
जिलाधिकारी ने मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता की समुचित व्यवस्था अनवरत बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, कूड़ा उठाव एवं आवश्यकतानुसार स्वच्छता कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुव्यवस्थित एवं कार्यशील रखने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में वाहनों का सुगम परिचालन एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही निर्बाध रहनी चाहिए। आवश्यकतानुसार यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भीड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेला अवधि में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मी समन्वय के साथ कार्य करें। नदी के पास गोता खोर एवं एस डी आर एफ की टीम भी अनवरत मुस्तैद रहे.
जिलास्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक
जिलाधिकारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय पितृपक्ष मेला श्रद्धा, आस्था एवं परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएँ, सुरक्षित वातावरण एवं सहज अनुभव मिले, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि मेला अवधि के दौरान आने वाले श्रद्धालु यहाँ से सुखद एवं संतोषजनक अनुभव लेकर लौटें।
