Thursday, May 28, 2026
HomeTop Storiesबाढ़ उमानाथ घाट के सामने गंगा नदी में नाव पलटने से ३...

बाढ़ उमानाथ घाट के सामने गंगा नदी में नाव पलटने से ३ की मौत, ४ लापता

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत उमानाथ घाट के समीप गंगा नदी में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज हवा के झोंके और खराब मौसम के कारण १४ लोगों से भरी एक नाव समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा (मोहिउद्दीननगर) के पास असंतुलित होकर गंगा नदी में पलट गई। इस हादसे के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन और स्थानीय गोताखोरों की टीम युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।

​परवल तोड़ने दियारा जा रहे थे सभी लोग

​मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग ५:४५ बजे बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ घाट के समीप बिंद टोली के रहने वाले १४ लोग एक नाव पर सवार होकर समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा, मोहिउद्दीननगर जा रहे थे।

ये लोग अक्सर परवल तोड़ने, सब्जी तोड़ने और अन्य खेती-किसानी के कार्यों के लिए गंगा पार दियारा इलाके में जाया करते थे। आज सुबह भी सभी लोग अपने दैनिक कार्य के लिए निकले थे, लेकिन वापस लौटने के क्रम में अचानक चली तेज हवा और लहरों के कारण सुल्तानपुर दियारा (समस्तीपुर) के पास नाव बीच नदी में पलट गई।

​रेस्क्यू ऑपरेशन: ७ सुरक्षित, ३ के शव बरामद, ५ लापता

​नाव पलटने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची। अब तक के रेस्क्यू ऑपरेशन का अपडेट इस प्रकार है:

सुरक्षित बचाए गए: राहत एवं बचाव दल (SDRF/NDRF) द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पानी में डूब रहे ७ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

शव बरामद: नदी से ३लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिन्हें पोस्टमार्टम और कागजी प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।

लापता: अभी भी ४लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में गोताखोर लगातार नदी की खाक छान रहे हैं।

मौके पर पहुंचे पटना DM, दो जिलों का प्रशासन संभाल रहा कमान

​हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए पटना के जिलाधिकारी (DM) स्वयं दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना एक पल गंवाए त्वरित गति से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाए और लापता लोगों को जल्द से जल्द ढूंढा जाए।

​इस समय समस्तीपुर और पटना जिला प्रशासन आपस में बेहतर समन्वय (तालमेल) स्थापित कर संयुक्त रूप से बड़ा सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। घटनास्थल पर बाढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन की सम्पूर्ण टीम, स्थानीय पुलिस और मेडिकल रिलीफ टीम मुस्तैद है। सुरक्षित बचाए गए लोगों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है, वहीं बिंद टोली गांव में इस घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे