Patna: दुर्गा पूजा में मूर्ति विसर्जन के लिए बनेंगे कृत्रिम तालाब, घाटों पर सुरक्षा एवं प्रकाश की होगी समुचित व्यवस्था
दुर्गा पूजा से छठ महापर्व तक प्रत्येक वार्ड में 10-10 अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात करने का निर्देश
9 अक्टूबर 2026। पटना
आगामी दुर्गा पूजा एवं छठ महापर्व के मद्देनजर पटना नगर निगम द्वारा शहर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता तथा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में शुक्रवार को नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने सभी वरीय पदाधिकारियों, कार्यपालक पदाधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
दशहरा एवं रामलीला महोत्सव को लेकर पटना नगर निगम की विशेष तैयारी
मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाबों का होगा निर्माण
दुर्गा पूजा के उपरांत प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटना नगर निगम द्वारा विभिन्न गंगा घाटों पर कृत्रिम तालाबों का निर्माण एवं विसर्जन के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जहां प्राकृतिक तालाब उपलब्ध हैं, वहां उनकी सफाई और मरम्मत कराई जाएगी। वहीं, अन्य निर्धारित स्थलों पर अस्थायी तालाब तैयार किए जाएंगे। सभी स्थलों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।
1. पाटलिपुत्र अंचल
पाटीपुल घाट: यहां पहले से मौजूद प्राकृतिक तालाब की सफाई एवं मरम्मत कर उसे प्रतिमा विसर्जन के लिए तैयार किया जाएगा। तालाब के चारों ओर बालू भरी बोरियों से घेराबंदी की जाएगी तथा तालाब के पानी को बदलकर स्वच्छ पानी भरा जाएगा।
मीनार घाट: यहां लगभग छह फीट गहरा अस्थायी विसर्जन तालाब बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए बालू भरी बोरियों से घेराबंदी एवं पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।
2. बांकीपुर अंचल
लॉ कॉलेज घाट: गंगा तट पर लगभग 150 फीट लंबा एवं 50 फीट चौड़ा विसर्जन क्षेत्र विकसित किया जाएगा। निर्धारित क्षेत्र की पहचान एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बालू भरी बोरियों और वायर मेश के माध्यम से घेराबंदी की जाएगी, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रहे।
3. पटना सिटी अंचल
पटना सिटी क्षेत्र के कंगन घाट, किला घाट एवं दमराही घाट पर तीन अस्थायी विसर्जन तालाब बनाए जाएंगे। प्रत्येक तालाब की गहराई लगभग चार से पांच फीट होगी। इन तालाबों के निर्माण से प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित स्थल उपलब्ध होंगे और विसर्जन की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सुविधा होगी।
4. अजीमाबाद अंचल
अजीमाबाद अंचल के भद्र घाट एवं गाय घाट पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। भद्र घाट तथा गाय घाट पर विसर्जन के लिए तीन तरफ से घेराबंदी की जाएगी। दोनों घाटों पर निर्धारित विसर्जन क्षेत्र को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
कर के दायरे से बाहर संपत्तियों पर लगेगा 100 फीसदी जुर्माना
जलस्तर की नियमित निगरानी, एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया जारी
गंगा नदी के जलस्तर में हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए पटना नगर निगम द्वारा सभी निर्धारित घाटों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। बैठक में निर्देश दिया कि जिन घाटों से गंगा का पानी नीचे उतर चुका है, वहां तत्काल डीप क्लीनिंग कराई जाए, ताकि घाटों पर स्वच्छता सुनिश्चित हो सके। वहीं, विसर्जन स्थलों पर आवश्यक निर्माण, बैरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए एजेंसियों के चयन की निविदा प्रक्रिया जारी है।
विसर्जन के बाद तालाबों की सफाई के लिए अतिरिक्त मानवबल
प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाबों से मूर्तियों के अवशेष एवं पूजन सामग्री निकालने और उनकी गहन सफाई सुनिश्चित करने के लिए नगर आयुक्त ने अतिरिक्त मानवबल की तैनाती का निर्देश दिया है। इस कार्य में आवश्यकतानुसार गोताखोरों की भी सहायता ली जाएगी।
घाटों पर दबाव को देखते हुए पाटलिपुत्र अंचल में 30 तथा अजीमाबाद अंचल में 140 अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की जाएगी। विसर्जन के बाद तालाबों की सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि धार्मिक गतिविधियों के उपरांत भी घाटों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता सुनिश्चित हो सके।
दुर्गा पूजा से छठ तक प्रत्येक वार्ड में 10-10 अतिरिक्त सफाईकर्मी
त्योहारों के दौरान शहर में बढ़ने वाली साफ-सफाई की जरूरत को देखते हुए नगर आयुक्त ने दुर्गा पूजा से लेकर छठ महापर्व के समापन तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसके लिए पटना नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में 10-10 अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की स्वीकृति दी गई है।
अतिरिक्त मानवबल की तैनाती से प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, पूजा पंडालों के आसपास तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्यों की सतत निगरानी करने तथा कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
पटना नगर निगम क्षेत्र में कर के दायरे से बाहर संपत्तियों के लिए लगेंगे शिविर
छठ घाटों पर तैयारियों एवं क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत के निर्देश
बैठक में छठ महापर्व को लेकर घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बैठक में इन कार्यों से संबंधित निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिये गए।
इसके अतिरिक्त, बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मैनहोल, स्लैब एवं कैचपिट को चिह्नित कर उनकी प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। पटना नगर निगम द्वारा त्योहारों के दौरान स्वच्छता, सुरक्षित आवागमन, पर्याप्त प्रकाश एवं नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
