G-HMMWBCZ928
Friday, October 9, 2026
Homeबिहार विधान सभा परिसर में लगेगा EV चार्जिंग स्टेशन, गयाजी को जल्द...

बिहार विधान सभा परिसर में लगेगा EV चार्जिंग स्टेशन, गयाजी को जल्द मिलेगी 125 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात: डॉ. प्रेम कुमार

बिहार विधान सभा परिसर में लगेगा EV चार्जिंग स्टेशन, गयाजी को जल्द मिलेगी 125 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात: डॉ. प्रेम कुमार

गयाजी में बनेगा आधुनिक अंतर्राज्यीय मल्टी-फ्लोर बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, होटल और मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल की होगी सुविधा

यात्रियों की सुविधा और बसों की लाइव ट्रैकिंग के लिए लॉन्च होगा ‘Where is My Bus’ ऐप

ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को EV (4-व्हीलर) की खरीद पर मिलेगी 1 लाख रुपये की सब्सिडी

पटना, 09 अक्टूबर 2026:

बिहार विधान सभा परिसर जल्द ही पर्यावरण-अनुकूल पहल का गवाह बनेगा। इस महीने के अंत तक विधान सभा परिसर में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर दिया जाएगा।

यह महत्वपूर्ण निर्णय शुक्रवार को बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया। अध्यक्ष के कार्यालय कक्ष में आयोजित इस बैठक में परिवहन विभाग की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं और प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

गयाजी में बनेगा विश्वस्तरीय मल्टी-फ्लोर बस स्टैंड बैठक के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गयाजी बस स्टैंड को एक अत्याधुनिक अंतर्राज्यीय मल्टी-फ्लोर बस स्टैंड के रूप में विकसित किया जाएगा। इस 7 मंजिला महत्वाकांक्षी परियोजना में:

भूतल (Ground Floor): व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा।

पहला एवं दूसरा तल: आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स।

तीसरे से सातवां तल: यात्रियों के लिए होटल और मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल।

लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर डॉ. प्रेम कुमार ने दी श्रद्धांजलि
इस बहुउद्देशीय परियोजना का कार्य अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।

125 नई इलेक्ट्रिक बसें और सब्सिडी की सौगात केंद्र सरकार द्वारा आगामी नवंबर महीने में गयाजी को 125 नई इलेक्ट्रिक बसों (EV) की सौगात मिलने जा रही है। इसके साथ ही, राज्य में हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहन (4-व्हीलर EV) खरीदने वाली महिलाओं को 1 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाएगी।

‘Where is My Bus’ ऐप से होगी लाइव ट्रैकिंग यात्रियों के सफर को सुगम और हाई-टेक बनाने के लिए परिवहन विभाग जल्द ही ‘Where is My Bus’ मोबाइल एप्लीकेशन लॉन्च करेगा। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से यात्री बसों की समय-सारणी, टिकटिंग और लाइव लोकेशन की जानकारी अपने मोबाइल पर ही प्राप्त कर सकेंगे।

31 बस स्टैंडों का पीपीपी मॉडल पर आधुनिकीकरण प्रदेश भर में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए गयाजी सहित बिहार के 31 प्रमुख बस स्टैंडों को पीपीपी (PPP) मोड पर आधुनिक रूप दिया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर के बस स्टैंडों का सौंदर्यीकरण करते हुए वहां पेयजल, शेड, शौचालय, रोशनी, हरियाली और संपर्क सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने परिवहन विभाग द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए चलाई जा रही ‘पिंक बस’ सेवा और अन्य नवाचारों की सराहना की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर विकास एवं आवास विभाग, परिवहन निगम तथा पंचायती राज विभाग के साथ परस्पर समन्वय बनाकर सभी विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं के निर्माण को समय सीमा के भीतर पूरा करें।

इस उच्चस्तरीय बैठक में परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन सहित परिवहन विभाग और विधान सभा सचिवालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे