सरकार भले ही NDA की हो, लोकसभा चुनाव के पहले उन्हीं के हलक से निकालेंगे शिक्षकों का हक – PK
*गोपालगंज: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हो रहे चुनावों के प्रचार के अंतिम दिन गोपालगंज में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने एनडीए सरकार और शिक्षा मंत्री पर तीखा हमला बोला है। अपने उम्मीदवार के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने दो टूक कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले एनडीए सरकार के हलक से निकालकर शिक्षकों का हक दिलाया जाएगा।
“लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को दिलाएंगे उनका हक”
शिक्षा मंत्री के बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षा मंत्री पद पर जब तक हैं, तब तक हैं, लेकिन इसी एनडीए सरकार से शिक्षकों के लिए 7वां वेतनमान और वित्त रहित शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करवा कर रहेंगे।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जन सुराज यह दावा नहीं कर रहा है कि सरकार बनाएंगे तब शिक्षकों की मांगें पूरी करवाएंगे, बल्कि हम लोकसभा चुनाव से पहले सरकार (एनडीए) के ही हलक से निकालकर शिक्षकों का हक दिलवाएंगे।”
नीरज कुमार के बीमार होने पर अनंत सिंह का तंज – “उ बीमार उमार कुच्छो नहीं, ई उनकर पुरान आदत
भगवान राम को आवास योजना का लाभार्थी बनाने पर बीजेपी को घेरा
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भगवान राम को आवास देने के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेताओं के बयानों पर भी पीके ने कड़ा प्रहार किया। उन्होंने इसे भारतीय जनता पार्टी का घमंड करार दिया।
प्रशांत किशोर ने तंज कसते हुए कहा, “बांकीपुर में हारने के बाद भी इनका अहंकार खत्म नहीं हुआ है। पहले इन्होंने कहा था कि कुत्ता-बिल्ली को खड़ा कर देंगे तो भी जीत जाएंगे, हनुमान जी को पार्टी का झंडा देकर नचवा रहे थे और आज भगवान राम को ही लाभार्थी बना दिया है। ऐसी बातें केवल अनपढ़, बेवकूफ और अहंकारी नेताओं के मन में ही आ सकती हैं।”
गोपालगंज में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रशांत किशोर के इन तेवरों और शिक्षकों के मुद्दों पर दिए गए बयानों से सूबे की राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर तेज हो गई है।
