पुणे। कला और संस्कृति की नगरी पुणे में गणेशोत्सव में धूम पूरे शबाब पर रहती है। इसी भव्य उत्सव के बीच आज बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितीन नवीन ने पुणे के प्रसिद्ध साने गुरुजी सार्वजनिक गणेश उत्सव मंडल में पहुँचकर गणराया के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर उनके साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और स्थानीय विधायक व महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रकांत दादा पाटिल सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।
पुणे का गणेशोत्सव अपनी अलग ही पहचान रखता है। कला और सांस्कृतिक नगरी के रूप में विख्यात इस शहर में गणेश उत्सव का उल्लास देखते ही बनता है। यहाँ के दगडूशेठ हलवाई गणपति का नाम मुंबई के लालबाग का राजा की तरह ही देश-दुनिया में प्रसिद्ध है।
गणेश उत्सव के दौरान पूरा पुणे शहर जगमगाती रोशनियों और मनभावन पंडालों से सज उठता है। यहाँ के पूजा पंडालों की सजावट में केवल भव्यता ही नहीं, बल्कि एक नया और आकर्षक संदेश भी छिपा होता है।
पंडालों में देश की महत्वपूर्ण घटनाओं, धार्मिक प्रसंगों और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों को सजावट के माध्यम से दर्शाया जाता है।
खास बात यह है कि पुणेकर अपने गणेशोत्सव पंडालों में पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखते हैं और आम लोगों को पर्यावरण संवर्धन का संदेश देते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन ने गणपति बप्पा के समक्ष देश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस गणेश उत्सव में पुणे में गणेश दर्शन के फोटो और जानकारी स्थानीय विधायक राज्य सरकार में मंत्री चंद्रकांत दादा पाटिल में अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
