निर्दलीय MLC बंशीधर बृजवासी और राहुल राज की सदस्यता रद्द करने की मांग को लेकर विधान परिषद के सभापति से मिला जन सुराज का प्रतिनिधिमंडल
पटना, 2 नवंबर 2026: बिहार विधान परिषद के दो नवनिर्वाचित निर्दलीय एमएलसी—तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बंशीधर बृजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राहुल राज—की सदस्यता रद्द करने की मांग को लेकर जन सुराज के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को विधान परिषद के कार्यकारी सभापति प्रो. डॉ. रामवचन राय से मुलाकात की। पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना के नेतृत्व में मिले इस प्रतिनिधिमंडल ने सभापति को एक औपचारिक याचिका (पिटीशन) और साक्ष्य सौंपे।
चुनाव जीतने के 72 घंटे के भीतर भाजपा में शामिल होने का आरोप
पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने बताया कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित बंशीधर बृजवासी और सारण शिक्षक क्षेत्र से निर्वाचित राहुल राज ने चुनाव परिणाम आने के 72 घंटे के भीतर ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। दोनों नेताओं ने सार्वजनिक रूप से पार्टी में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है।
उन्होंने कहा कि संविधान की दसवीं अनुसूची (दलबदल विरोधी कानून) के प्रावधानों के तहत यदि कोई निर्दलीय निर्वाचित सदस्य चुनाव जीतने के बाद किसी राजनीतिक दल में शामिल होता है, तो उसकी सदन की सदस्यता समाप्त की जा सकती है।
बिहारवासी लालूजी से सीखे, बुढ़ापा के बावजूद बेटे को मुख्यमंत्री बनाने दर-दर, जनता जात-पात में उलझी
पेन ड्राइव में सौंपे साक्ष्य, निर्वाचन आयोग को भी बनाया पक्षकार
प्रतिनिधिमंडल ने सभापति से इस मामले पर संज्ञान लेते हुए संबंधित एमएलसी को नोटिस जारी करने का आग्रह किया है। इसके अलावा, मामले में भारत निर्वाचन आयोग, बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), मुख्य सचिव और संबंधित प्रमंडलीय आयुक्तों को भी पक्षकार बनाया गया है। जन सुराज ने समाचार पत्रों की कतरनें, मीडिया बयानों के वीडियो और अन्य आवश्यक साक्ष्य पेन ड्राइव के माध्यम से सभापति को सौंपे हैं।
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का भरोसा: रामबली चंद्रवंशी
मुलाकात के बाद पूर्व एमएलसी रामबली सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि सभापति को पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी, न्याय न मिलने के बराबर होती है। सभापति डॉ. रामवचन राय एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद और न्यायप्रिय व्यक्तित्व हैं, इसलिए प्रतिनिधिमंडल को पूरा भरोसा है कि वे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए इस मामले में त्वरित और उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे।
सभापति ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि वे प्राप्त याचिका और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेकर नियमानुसार आवश्यक कदम उठाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना और पूर्व एमएलसी रामबली सिंह चंद्रवंशी के अलावा सुभाष कुशवाहा, तेज नारायण सहनी, सुरेश पटेल, ओबैदुर रहमान सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।
