पटना नगर निगम: टाउन प्लानर और आर्किटेक्ट करेंगे संपत्तियों के कर का पुनर्मूल्यांकन
सभी सात विशेषज्ञ अपने-अपने अंचलों में स्थल निरीक्षण के बाद सौंपेंगे रिपोर्ट
विसंगति पाए जाने पर लगेगी 100 फीसदी पेनाल्टी, 30 सितंबर के बाद बकाया राशि पर भी जुर्माना
19 सितंबर 2026 | पटना
पटना नगर निगम ने संपत्ति कर संवर्धन अभियान को और प्रभावी बनाते हुए अब कमर्शियल एवं बड़ी संपत्तियों के कर निर्धारण की जांच के लिए टाउन प्लानर और आर्किटेक्ट की विशेषज्ञ टीम को मैदान में उतारा है। राजस्व टीम और सफाई टीम के बाद पांच नगर योजना पर्यवेक्षकों (टाउन प्लानर्स) तथा दो वास्तुविदों (आर्किटेक्ट) को भी अभियान से जोड़ा गया है।
नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने अंचलों में स्थित बड़े मॉल, मार्केट कॉम्प्लेक्स, बैंक्वेट हॉल, अस्पताल, भूमि एवं अन्य संपत्तियों का टाउन प्लानर एवं आर्किटेक्ट की टीम से स्थल निरीक्षण कराकर संपत्ति कर का पुनर्मूल्यांकन सुनिश्चित करें। विशेषज्ञों द्वारा किए गए निरीक्षण एवं दैनिक प्रतिवेदन के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पटना नगर निगम ने शुरू की ‘RRR मोबाइल वैन’, पुराने कपड़ों और बर्तनों से होगी जरूरतमंदों की मदद
आधुनिक उपकरणों से होगी संपत्तियों की जांच
विशेषज्ञ टीम आधुनिक उपकरणों के माध्यम से संपत्तियों के वास्तविक क्षेत्रफल, स्वीकृत नक्शे और निर्धारित संपत्ति कर का मिलान करेगी। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर फोटो, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के साथ विस्तृत रिपोर्ट संबंधित अंचल को सौंपी जाएगी।

गलत जानकारी, वास्तविक क्षेत्रफल छिपाने अथवा कर निर्धारण में अन्य विसंगति पाए जाने पर संबंधित संपत्ति का पेनाल्टी के साथ पुनः कर निर्धारण किया जाएगा।
नूतन राजधानी अंचल और पाटलिपुत्र में दो-दो विशेषज्ञों एवं कंकड़बाग, बांकीपुर में एक-एक, पटना सिटी एवं अजीमाबाद अंचल में एक विशेषज्ञ की तैनाती की गई है।
पार्किंग स्थल पर अवैध वसूली का मामला: अमेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पर प्राथमिकी
125 नई संपत्तियां कर के दायरे में, 21 पर पेनाल्टी
शुक्रवार को चलाए गए संपत्ति कर संवर्धन अभियान के दौरान 125 नई संपत्तियों को कर के दायरे में जोड़ा गया। वहीं, 48 संपत्तियों द्वारा स्व- नि पुनर्मूल्यांकन किया गया।
अभियान के दौरान 21 संपत्तियों में गलत जानकारी अथवा कर निर्धारण से जुड़ी विसंगतियां पाए जाने पर पेनाल्टी लगाई गई और उनका पुनः कर निर्धारण किया गया। अंचलवार निरीक्षण में सबसे अधिक 13 संपत्तियों में विसंगतियां अजीमाबाद अंचल में मिलीं। इसके अलावा कंकड़बाग में 3, पाटलिपुत्र और पटना सिटी अंचल में 2-2 तथा नूतन राजधानी अंचल में 1 संपत्ति में निर्धारित कर से संबंधित विसंगति पाई गई। बांकीपुर अंचल में स्थल निरीक्षण के दौरान ऐसी कोई संपत्ति नहीं मिली।
699 संपत्तियों से 45.22 लाख रुपये से अधिक कर संग्रह
संपत्ति कर संग्रहण अभियान के तहत शुक्रवार को पटना नगर निगम के विभिन्न अंचलों में 699 संपत्तियों से कुल 45.22 लाख रुपये से अधिक संपत्ति कर का संग्रहण किया गया।
अजीमाबाद अंचल: 141 संपत्तियों से 7.43 लाख रुपये
बांकीपुर अंचल: 82 संपत्तियों से 4.38 लाख रुपये
कंकड़बाग अंचल: 135 संपत्तियों से 11.71 लाख रुपये
नूतन राजधानी अंचल: 136 संपत्तियों से 10.29 लाख रुपये
पाटलिपुत्र अंचल: 159 संपत्तियों से 9.64 लाख रुपये
पटना सिटी अंचल: 46 संपत्तियों से 1.77 लाख रुपये
पाटलिपुत्र अंचल में सर्वाधिक 159 संपत्तियों द्वारा संपत्ति कर का भुगतान किया गया, जबकि कंकड़बाग अंचल में सर्वाधिक ₹11.71 लाख का संग्रह हुआ।
बुडको में वर्ल्ड बैंक की टीम के साथ बैठक, प्रबंध निदेशक ने सभी परियोजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
तीन स्तरों पर चल रहा है संपत्ति कर अभियान
पटना नगर निगम द्वारा संपत्ति कर संवर्धन के लिए एक साथ कई स्तरों पर अभियान चलाया जा रहा है। ऊर्जा विभाग से प्राप्त बिजली उपभोक्ताओं की जानकारी के आधार पर निगम की टीम डोर-टू-डोर जाकर नई संपत्तियों का कर निर्धारण कर रही है।
वहीं, दूसरी टीम द्वारा वर्षों से संपत्ति कर का भुगतान कर रही संपत्तियों का कर पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है। तीसरी टीम द्वारा बकायेदारों से संपर्क कर लंबित संपत्ति कर की वसूली सुनिश्चित की जा रही है।
इस बहुस्तरीय अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक संपत्तियों को कर के दायरे में लाना, सही कर निर्धारण सुनिश्चित करना और संपत्ति कर संग्रहण को गति देना है।
पटना में उद्योग एवं स्टार्टअप के लिए बेहतरीन इकोसिस्टम बनाने की पहल
अनैतिक मांग की स्थिति में करें शिकायत
स्थल निरीक्षण के दौरान यदि किसी निगम कर्मी अथवा अधिकारी द्वारा अनैतिक मांग या अनुचित व्यवहार किया जाता है, तो नागरिक निगम के टोल-फ्री नंबर 155305 पर अथवा संबंधित अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी के समक्ष त्वरित शिकायत दर्ज कराएं।
