Wednesday, June 17, 2026
HomeTop Storiesसमृद्ध बिहार के लिए 24 में से 20 घंटे काम करना होगा,...

समृद्ध बिहार के लिए 24 में से 20 घंटे काम करना होगा, न सोएंगे, न सोने देंगे, न खाएंगे, न खाने देंगे: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

6 लाख 25 हजार एकड़ भूमि पर विकसित होंगी 12 नई टाउनशिप, आएगा ₹6.5 लाख करोड़ का महा-निवेश

उद्योग और स्टार्टअप के लिए अब सिर्फ 30 दिनों में मिलेगा क्लियरेंस, लापरवाही पर अधिकारी होंगे स्वतः निलंबित

गंगा और सोन नदी पर बनेगा 126 किलोमीटर लंबा नया एक्सप्रेस-वे, दीघा से कोईलवर तक आसान होगा सफर

पटना। “बिहार को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए हम सबको 24 घंटे में से 20 घंटे काम करना होगा। न खाएंगे, न खाने देंगे, न सोएंगे, न सोने देंगे, तभी बिहार अपने गौरवशाली अतीत को पुनः प्राप्त कर सकेगा।” यह बात बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित जी-बिजनेस के ‘भरोसे के च्वाइस पटना एडिशन’ के 11वें संस्करण का उद्घाटन करते हुए कही।

​मुख्यमंत्री ने राज्य के औद्योगिक, आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर कई बड़े और ऐतिहासिक नीतिगत फैसलों की घोषणा की।

​12 नई टाउनशिप और ₹6.5 लाख करोड़ का निवेश

​मुख्यमंत्री ने राज्य में शहरीकरण और औद्योगिक विस्तार को लेकर बड़ा विजन सामने रखा। उन्होंने कहा कि कभी प्रतियोगिता दर्पण में कंकड़बाग को एशिया की सबसे बड़ी कॉलोनी बताया जाता था। अब राज्य सरकार 6 लाख 25 हजार एकड़ भूमि पर 12 नई आधुनिक टाउनशिप विकसित करने जा रही है।

​इस महा-परियोजना के जरिए बिहार में 6.5 लाख करोड़ रुपये का भारी निवेश आने वाला है।

​इन टाउनशिप में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जाएंगे।

​जमीन देने वाले किसानों को उचित मुआवजा मिलेगा। यदि किसी पीड़ित या बेटी की शादी वाले परिवार की जमीन इसमें आती है, तो जिलाधिकारी (DM) को आवेदन देते ही मुआवजे की राशि तत्काल खाते में भेज दी जाएगी।

30 दिनों में इंडस्ट्री क्लियरेंस; लापरवाही पर 31वें दिन अफसर होंगे सस्पेंड

​बिहार में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने कड़े प्रशासनिक सुधारों का एलान किया:

उद्योगों के लिए सिंगल विंडो: पिछली कैबिनेट के फैसले के अनुसार, अब राज्य में उद्योग या स्टार्टअप लगाने के लिए आवेदन करने के 30 दिनों के भीतर नगर निगम और अग्निशमन (फायर) समेत सभी क्लियरेंस मिल जाएंगे।

अधिकारियों पर सख्त एक्शन: सहयोग शिविरों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि यदि 30 दिनों के भीतर जनता या उद्यमियों के आवेदनों का निपटारा नहीं हुआ, तो 31वें दिन संबंधित अधिकारी स्वतः (ऑटोमैटिक) निलंबित हो जाएंगे। इसके लिए किसी के आदेश की जरूरत नहीं होगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से इसके लिए 10वें, 20वें और 25वें दिन डिजिटल नोटिस भेजने की व्यवस्था की गई है।

इंफ्रास्ट्रक्चर का नया जाल: गंगा-सोन पर 126 KM लंबा पथ और 3 एक्सप्रेस-वे

​सड़क और परिवहन के क्षेत्र में बिहार की बदलती तस्वीर को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया:

नया रिवर फ्रंट कॉरिडोर: जेपी गंगा पथ (21 किमी, लागत ₹6000 करोड़) के सफल निर्माण के बाद अब सरकार गंगा और सोन नदी के ऊपर 126 किलोमीटर लंबा नया पथ बनाने जा रही है। इसमें मुंगेर से भागलपुर (83 किमी) और दीघा से कोईलवर तक का पथ शामिल है। इसे अगले 3 वर्षों में पीपीपी (PPP) मोड पर बनाया जाएगा, जिसमें बिहार सरकार सिर्फ 40% खर्च वहन करेगी।

तीन नए एक्सप्रेस-वे: राज्य में तीन नए एक्सप्रेस-वे बनाए जा रहे हैं, जिसमें सोनपुर से गोपालगंज के बीच ‘नारायणी पथ’ का निर्माण प्रमुख है।

बिजली में आत्मनिर्भरता: बिहार बिजली उपभोक्ताओं को ₹23,000 करोड़ की सब्सिडी दे रहा है, जो देश में सर्वाधिक है। अगले 2 वर्षों में राज्य में इतनी बिजली उत्पादन क्षमता हो जाएगी कि अगले 30 सालों तक की जरूरतें पूरी की जा सकेंगी।

अपराधियों की नस्लें और पीढ़ियां तोड़ रही है पुलिस

​राज्य की कानून व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अब कानून का राज है। अगर कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देता है, तो हमारी पुलिस 24 से 48 घंटे के भीतर उसे मुंहतोड़ जवाब देती है। पुलिस अपराधियों के नस्लों और पीढ़ियों को तोड़ने का काम कर रही है ताकि समाज में शांति, सद्भाव और समृद्धि का माहौल बना रहे।

​सीए, सीएस और वित्तीय विशेषज्ञों से आह्वान

​मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA), कंपनी सेक्रेट्रीज (CS), व्यवसायियों और वित्तीय विशेषज्ञों को बिहार के विकास का सारथी बताया। उन्होंने कहा कि जब भी कोई नया उद्यमी बिहार में निवेश या स्टार्टअप की सोचता है, तो वह सबसे पहले आपके पास जाता है। आपका सहयोग जिस दिन बिहार की ताकत बन गया, राज्य देश का अग्रणी सूबा बन जाएगा।

कार्यक्रम में रहे मौजूद:

इस अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, जी-बिजनेस के प्रबंध संपादक श्री अनिल सिंघवी, च्वाइस इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री कमल पोद्दार सहित उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियां और लगभग 15,000 से अधिक पंजीकृत प्रतिभागी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे