बक्सर: धार्मिक, ऐतिहासिक और पौराणिक नगरी बक्सर के विकास को नई ऊंचाई देने के लिए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बक्सर वासियों को कई बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बक्सर के ऐतिहासिक रामरेखा घाट पर प्रभु श्रीराम की एक भव्य और विशाल मूर्ति स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स और महर्षि विश्वामित्र मंडपम का उद्घाटन भी किया।
वामनेश्वर नाथ और बाबा रामेश्वरनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
बक्सर की पावन धरती पर पहली बार आगमन पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन ने फूलों की माला, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर भव्य स्वागत किया। जिलाधिकारी श्रीमती साहिला ने मुख्यमंत्री को चरखा और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत बक्सर केंद्रीय कारा परिसर के पास स्थित अति प्राचीन श्री वामनेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद वे रामरेखा घाट स्थित बाबा श्री रामेश्वरनाथ जी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित प्रथम शिवलिंग के दर्शन किए और राज्य की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसरों का भ्रमण कर विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। केंद्रीय कारा बक्सर के बंदियों द्वारा हस्तकला से निर्मित सामग्रियों की प्रदर्शनी का भी मुख्यमंत्री ने बारीकी से अवलोकन किया।
रामरेखा घाट पर दिखेगी त्रेतायुग की झलक, पर्यटकों के लिए खास इंतजाम
मुख्यमंत्री ने रामरेखा घाट पर कराए गए जीर्णोद्धार और विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से वहां बनने वाली प्रभु श्रीराम की प्रस्तावित प्रतिमा, कंट्रोल रूम, पाथ-वे, चेंजिंग रूम और गंगा आरती की व्यवस्थाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर ₹6 करोड़ की लागत से पुनर्जीवित किए गए लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स और महर्षि विश्वामित्र मंडपम का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से बक्सर की ऐतिहासिक, पौराणिक और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलकियों को देखा।
लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स की मुख्य विशेषताएं:
5D थियेटर: पर्यटकों को बक्सर का इतिहास आधुनिक तकनीक से दिखाने की व्यवस्था।
हाई-टेक रेस्टोरेंट: 80 इनडोर और 30 आउटडोर क्षमता वाला बेहतरीन रेस्टोरेंट।
अन्य सुविधाएं: ड्राई डेक फाउंटेन, आधुनिक टिकट काउंटर और बुनियादी नागरिक सुविधाएं।
महाराज स्व० कमल बहादुर सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण
इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रामरेखा घाट से ही रिमोट के जरिए डुमराव के महाराज स्व० कमल बहादुर सिंह जी की प्रतिमा का भी भव्य अनावरण किया और उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई दिग्गज
इस भव्य कार्यक्रम के अवसर पर बक्सर जिला के प्रभारी मंत्री श्री नंदकिशोर राम, पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायकगण श्री संतोष कुमार निराला, श्री आनंद मिश्र, श्री राहुल कुमार सिंह, विधान पार्षद श्री सोनू कुमार राय और पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री मयंक वरवड़े, शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ० सत्य प्रकाश, बक्सर की डीएम श्रीमती साहिला और एसपी श्री शुभम आर्य सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
