G-HMMWBCZ928
Thursday, October 8, 2026
HomeTop Storiesबिहार बनेगा देश का AI हब, जल्द आएगी 'एआई पॉलिसी'; - CM...

बिहार बनेगा देश का AI हब, जल्द आएगी ‘एआई पॉलिसी’; – CM सम्राट चौधरी

पटना, 23 मई 2026:

बिहार को देश का अग्रणी और तकनीकी रूप से सबसे उन्नत राज्य बनाने की दिशा में नीतीश-सम्राट सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के ऊर्जा स्टेडियम में ‘बिहार ए०आई० समिट-2026’ का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया।

इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बिहार को देश का ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब’ बनाया जाएगा और इसके लिए राज्य सरकार बहुत जल्द अपनी ए०आई० पॉलिसी’ (AI Policy) लेकर आ रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को ए०आई० तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग करने का निर्देश देते हुए कहा कि इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता आएगी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी।

30 दिनों में जन-समस्याओं का समाधान नहीं तो 31वें दिन अधिकारी होंगे सस्पेंड

सुशासन और त्वरित लोक सेवा को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बेहद कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पंचायतों में चल रहे ‘सहयोग शिविर’ और ‘सहयोग पोर्टल’ में तकनीक की भूमिका सबसे अहम होगी।

CM की सीधी चेतावनी: “सहयोग शिविर के माध्यम से जनता की समस्याओं के आवेदनों पर यदि 30वें दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो 31वें दिन मुख्यमंत्री कार्यालय संबंधित पदाधिकारी को सीधे निलंबित (सस्पेंड) कर देगा।”

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सहयोग पोर्टल पर एक विशेष स्पेस बनाया जाए, जहां आम लोग और नौजवान पीढ़ी बिहार की समृद्धि और विकास के लिए अपने सुझाव सीधे सरकार के साथ साझा कर सकें।

इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समिट के दौरान बिहार के विकास से जुड़ी कई दूरगामी योजनाओं का रोडमैप पेश किया:

30,000 करोड़ का गंगा एक्सप्रेस-वे: राज्य में परिवहन और कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने के लिए ₹30,000 करोड़ की लागत से 125 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जाएगा। पीपीपी (PPP) मॉडल पर बनने वाले इस प्रोजेक्ट को अगले 3 वर्षों में पूरा कर लिया जाएगा।

विक्रमशिला विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना: मुख्यमंत्री ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि इसी चालू वित्तीय वर्ष (Financial Year) के भीतर ऐतिहासिक विक्रमशिला विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित कर दिया जाएगा।

ब्लॉक स्तर पर मॉडल स्कूल: बिहार के सभी 534 प्रखंडों में ‘मॉडल स्कूल’ खोले जाएंगे। इसके तहत पटना में 10 और गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, बिहारशरीफ, मोतिहारी, हाजीपुर और छपरा जैसे नगर निगम वाले जिलों में 5-5 मॉडल स्कूल बनेंगे। इन स्कूलों का स्तर इतना ऊंचा होगा कि मंत्री और अधिकारी भी अपने बच्चों को यहाँ पढ़ाने के लिए तरसेंगे।

डिग्री कॉलेजों की सौगात: शिक्षा के विस्तार के लिए आगामी जुलाई महीने में राज्य के 211 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे।

NEET परीक्षार्थियों को फ्री बस सेवा: आगामी 21 जून को होने वाली नीट (NEET) परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के सहयोग के लिए पूरी सरकारी मशीनरी मुस्तैद रहेगी। छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने के लिए मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

अपराधियों को 48 घंटे का अल्टीमेटम, पुलिसिंग में भी AI का रोल

राज्य की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बिहार में बुनियादी सुधारों के साथ सुशासन स्थापित किया था, जिसे हर हाल में कायम रखा जाएगा।

अपराधियों को चेताते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराधी पुलिस को चैलेंज करेगा, तो 48 घंटे के भीतर उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपराधी चाहे किसी भी जाति या धर्म का हो, बख्शा नहीं जाएगा। अब बिहार पुलिसिंग में भी ए०आई० (AI) का महत्वपूर्ण रोल होने जा रहा है।

प्रवासियों से अपील: कर्मभूमि से जन्मभूमि लौटकर कर्ज उतारें

मुख्यमंत्री ने बिहार के बाहर रह रहे प्रवासियों का अभिनंदन करते हुए उनसे अपील की कि वे अपनी जन्मभूमि वापस लौटकर बिहार की समृद्धि में योगदान दें। उन्होंने कहा कि जो लोग मजबूरी में मजदूरी के लिए बाहर जा रहे हैं, उन्हें बिहार में ही रोजगार देने के लिए सरकार लगातार प्रयत्नशील है।

इसके साथ ही, उद्योगों के विकास के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से 20 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है ताकि इंडस्ट्री को बिना कटौती के (Uncut Power) बिजली मिल सके।

समिट में देश-विदेश के विशेषज्ञ रहे मौजूद
इस गरिमामयी कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, आईटी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, भारत जी०पी०टी० के फाउंडर अंकुश अग्रवाल एवं क्यू०एल०एस०एस० के निखिल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा और अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, देश भर से आए इनोवेटर्स, स्पीकर्स और नीति निर्माता उपस्थित थे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे