Friday, September 18, 2026
Homeपटना में 'आशीर्वाद का दिया' अभियान: एयरपोर्ट और दीघा में जले हज़ारों...

पटना में ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान: एयरपोर्ट और दीघा में जले हज़ारों दीप, ज़ूम के ज़रिए डिजिटल रूप से जुड़े लोग

विशेष संवाददाता

पटना, 17 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को पूरे बिहार में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखा गया। इस खास मौके पर राज्य सरकार और दीघा विधानसभा क्षेत्र की ओर से संयुक्त रूप से ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें आम लोगों के साथ-साथ कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की।

​एयरपोर्ट परिसर में बना ’76’ का भव्य दीप-चित्र

​कार्यक्रम का मुख्य और सबसे आकर्षक केंद्र जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर रहा। यहाँ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक सह दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया, पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद और बिहार के महाधिवक्ता एस. डी. संजय की मौजूदगी में 5,000 दिए प्रज्वलित किए गए। कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने मिलकर दीयों की मदद से ’76’ की एक भव्य और सुंदर आकृति बनाई, जो पूरे परिसर में आकर्षण का केंद्र रही।

​कच्ची तालाब और दीघा के 500 से अधिक स्थानों पर जगमगाए दीप

​इसी कड़ी में दीघा विधानसभा क्षेत्र के गर्दनीबाग (रोड नंबर 1) स्थित ऐतिहासिक कच्ची तालाब परिसर में भी स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर 5,000 दिए जलाए। आयोजकों के अनुसार, दीघा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 500 से अधिक अलग-अलग स्थानों पर आम नागरिकों ने अपनी स्वेच्छा से दीये जलाकर इस उत्सव में भाग लिया। पूरे क्षेत्र में दीयों की रोशनी से एक दिव्य वातावरण निर्मित हो गया।

​ज़ूम ऐप के ज़रिए लाइव जुड़ा पूरा क्षेत्र

​इस वृहद आयोजन की सबसे बड़ी खासियत इसका तकनीकी संयोजन रहा। तय समय पर सभी 500 से अधिक स्थानों पर एक साथ दीप प्रज्वलित किए गए और ज़ूम वीडियो कॉलिंग ऐप के माध्यम से इस पूरे दृश्य का सजीव (लाइव) प्रसारण किया गया। इससे हज़ारों लोग अपने-अपने घरों और स्थानों से डिजिटल रूप से इस आयोजन का हिस्सा बन सके।

श्री गौरीशंकर बैकुंठनाथ धाम मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर जलाए गए आस्था के दीये

​देश अपने नेता के साथ मजबूती से खड़ा है: डॉ. संजीव चौरसिया

​मौके पर मौजूद विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन माँ भारती और 140 करोड़ देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित है। दीघा की जनता और बिहार के कार्यकर्ताओं ने ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाकर उनके निरोगी जीवन की मंगलकामना की है। उन्होंने कहा कि लोगों का यह अपार स्नेह और स्वतःस्फूर्त भागीदारी यह दर्शाती है कि पूरा देश अपने नेता के साथ चट्टान की तरह खड़ा है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे