पटना में वार्ड 24 के पार्षद पति पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने मारी 5 गोलियां
पटना से बड़ी खबर – राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद दिखे हैं। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकारम मोहल्ले में मंगलवार शाम अपराधियों ने वार्ड नंबर 24 के पार्षद पति अनिल यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि अनिल यादव अपने घर के पास ही थे, तभी दो बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और उन पर करीब पांच राउंड फायरिंग कर दी। सभी गोलियां अनिल यादव को लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। घटना के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और तुरंत अनिल यादव को एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है।
मौके पर पहुंची पुलिस, इलाके में नाकेबंदी
वारदात की सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस और स्पेशल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर कर बैरिकेडिंग कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस बदमाशों के आने-जाने वाले रूट को ट्रेस करने में लगी है।
सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है, घायल का इलाज चल रहा है और हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी।
गोलीबारी के बाद से चकारम और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे प्रशांत किशोर
इधर घटना की जानकारी मिलते ही आज शाम जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी निजी नर्सिंग होम पहुंचे। उन्होंने घायल अनिल यादव से मुलाकात करने का प्रयास किया और परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने इस घटना को राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला बताया और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।
