बाबू वीर कुंवर सिंह की वीरगाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए स्मृति संग्रहालय का होगा कायाकल्प : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
जगदीशपुर (भोजपुर) / पटना, 23 सितंबर। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज भोजपुर जिले के जगदीशपुर स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय का निरीक्षण किया।
संग्रहालय पहुंचकर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और फिर संग्रहालय में रखी ऐतिहासिक और पुरातात्विक सामग्रियों का अवलोकन किया।
पटना में वार्ड 24 के पार्षद पति पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने मारी 5 गोलियां
इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बाबू वीर कुंवर सिंह के जीवन, उनके संघर्ष, शौर्य और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों की जानकारी दी। संग्रहालय में बाबू साहब के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की गई।
निरीक्षण के बाद संग्रहालय के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण को लेकर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन मुख्यमंत्री के सामने रखा गया। प्रेजेंटेशन देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संग्रहालय का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण बेहतर और आकर्षक तरीके से किया जाए, ताकि बाबू वीर कुंवर सिंह की वीरगाथा नई पीढ़ी तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यह स्थल सिर्फ पर्यटकों के लिए नहीं, बल्कि बाबू वीर कुंवर सिंह के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन पर शोध करने वाले शोधार्थियों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए यहां आने वाले शोधार्थियों के रहने और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। संग्रहालय में मौजूद ऐतिहासिक साक्ष्यों को उनके मूल स्वरूप में सुरक्षित रखा जाए और किसी भी तरह की छेड़छाड़ न हो। उन्होंने परिसर में स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण का भी निर्देश दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने संग्रहालय परिसर में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और कला-संस्कृति विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूमिहीन लाभार्थियों को बासगीत पर्चा प्रदान किया। मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के लाभार्थियों ने पेंशन मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वास्थ्यकर्मियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अब जिला अस्पतालों से बाहर रेफर होने वाले मरीजों की संख्या काफी कम हुई है, जिसके चलते जिला अस्पतालों में ऑपरेशन की संख्या पहले की तुलना में करीब तीन गुना बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों का भी अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
इस मौके पर योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, कला-संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, श्रम संसाधन मंत्री सह भोजपुर के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, राधा चरण साह, राकेश ओझा, विधान पार्षद जीवन कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सचिव संजय कुमार सिंह, कला-संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, भोजपुर डीएम मनेश कुमार मीणा, एसपी अवधेश कुमार दीक्षित सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
