Wednesday, September 23, 2026
HomeTop StoriesPM मोदी के नेतृत्व में बिहार की महिलाएं बन रही आत्मनिर्भर, जीविका...

PM मोदी के नेतृत्व में बिहार की महिलाएं बन रही आत्मनिर्भर, जीविका दीदियों ने खड़ा किया 1.36 लाख करोड़ का बाजार : CM सम्राट चौधरी

PM मोदी के नेतृत्व में बिहार की महिलाएं बन रही आत्मनिर्भर, जीविका दीदियों ने खड़ा किया 1.36 लाख करोड़ का बाजार : CM सम्राट चौधरी

पटना/बक्सर, 23 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आ रहा है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे बड़ा आधार बन रही है।

मुख्यमंत्री आज बक्सर दौरे पर थे। वामन द्वादशी के मौके पर उन्होंने सबसे पहले बक्सर स्थित वामन भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रबंधन ने अंगवस्त्र और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान जिलाधिकारी साहिला ने वामनेश्वर धाम के प्रस्तावित विकास कार्यों के लेआउट प्लान की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

बिहार में उद्योग लगाना अब और आसान, सिंगल विंडो क्लीयरेंस का नया पोर्टल लॉन्च

92 करोड़ की योजनाओं की सौगात, जीविका भवन का उद्घाटन

इसके बाद मुख्यमंत्री बक्सर सदर के चुरामनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पंचायत सरकार भवन परिसर में नवनिर्मित जीविका भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। सिलाई केंद्र में काम कर रही महिलाओं से उन्होंने खुद बातचीत की और उनकी आमदनी के बारे में जाना। इसी परिसर से मुख्यमंत्री ने करीब 92 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

यहां लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उन्होंने लाभुकों को मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना, आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के सांकेतिक चेक दिए। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि सामान्य मरीजों को बेवजह बड़े अस्पतालों में रेफर न किया जाए, जिला और अनुमंडल अस्पतालों में ही बेहतर इलाज की व्यवस्था हो।

जमाबंदी सुधार में आवेदन का बहाना नहीं चलेगा, अभिलेख से खुद करें सुधार : सचिव

बदलाव की कहानी, जीविका दीदियों ने सुनाया अपना अनुभव

‘कहानी बदलाव की, बदलाव के साक्षी’ कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री से अपने जीवन के बदलाव की कहानी साझा की।

एक दीदी ने बताया कि कैसे जीविका से जुड़कर लिए गए कर्ज से उन्होंने बकरी पालन शुरू किया और आज परिवार का खर्च और बच्चों की पढ़ाई अच्छे से कर रही हैं। डुमरांव की संध्या देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के 10 हजार रुपये से उन्होंने जैविक सब्जी की खेती शुरू की। वहीं सिमरी की लीलावती देवी ने उसी राशि से सिलाई मशीन और भैंस का बच्चा खरीदा, आज उनके पास चार भैंस हैं और खुद की किराना दुकान भी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सुधा डेयरी का बूथ खोलने की इच्छा जताई।

इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीविका को आगे बढ़ाया और प्रधानमंत्री ने खुद जीविका दीदियों के खाते में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। आज दीदियों ने अपनी मेहनत से 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये का बाजार खड़ा कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अब गाय-भैंस के साथ-साथ बकरी के दूध की भी सुधा के माध्यम से बिक्री शुरू कराई जाए ताकि बकरी पालकों को भी बाजार मिले। साथ ही सब्जी उत्पादकों को सहकारिता विभाग से जोड़ने के लिए MoU किया जाएगा, जिससे दूध की तरह सब्जी की भी गांव में ही खरीद हो सके।

घर की चौखट से राष्ट्रीय बाजार तक: बिहार सरस मेला में 15 राज्यों की महिला उद्यमियों ने पेश की स्वावलंबन की मिसाल

बक्सर से भागलपुर तक बनेगा ‘विश्वामित्र पथ’

बक्सर के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कई बड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बक्सर को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए बक्सर से भागलपुर तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा, जिसका नाम ‘विश्वामित्र पथ’ होगा। यह एक्सप्रेस-वे भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, जमुई, बांका और भागलपुर जिलों को जोड़ेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने ज्योति चौक के पास कटहिया पुल से सोन नहर कैनाल का निरीक्षण भी किया और पानी रोकने के लिए वियर बनाने का निर्देश दिया ताकि सिंचाई में उसका बेहतर उपयोग हो सके।

बाद में मुख्यमंत्री अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद किया और स्व. कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रुद्राक्ष का पौधा लगाया।

इस मौके पर प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम, विधायक आनंद मिश्रा, संतोष कुमार निराला, राहुल कुमार सिंह, विधान पार्षद जीवन कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे