भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और पटना नगर निगम ने मिलकर चलाया विशेष सफाई अभियान
23 सितंबर 2026। पटना
पटना नगर निगम द्वारा ‘स्वच्छता से सहभागिता’ थीम पर “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026” चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से स्वच्छता को केवल नगर निगम की जिम्मेदारी तक सीमित न रखते हुए नागरिकों, संस्थानों, रेसिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन (RWA), स्वयंसेवी संगठनों एवं अन्य हितधारकों को भी इससे जोड़ा जा रहा है। जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के साथ-साथ नागरिकों में अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

अभियान के तहत शहर के विभिन्न घाटों, कचरा प्वॉइंट, सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टॉप, कॉलोनियों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। सफाई के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूक किया जा रहा है। निगम का प्रयास है कि स्वच्छता अभियानों में अधिक से अधिक नागरिकों की प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित हो, ताकि सफाई के बाद इन स्थलों की स्वच्छता को लंबे समय तक बनाए रखा जा सके।
गंगा घाटों पर जलस्तर घटते ही पटना नगर निगम ने तेज किया विशेष सफाई अभियान
भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) के साथ पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में सफाई अभियान
इसी क्रम में बुधवार को Geological Survey of India (GSI) के सहयोग से पटना नगर निगम द्वारा पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक जागरूकता गतिविधियां भी की गईं।
इस अवसर पर निगम की टीम एवं Geological Survey of India के कर्मियों ने संयुक्त रूप से सफाई कार्य में सहभागिता की। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल सफाई अभियान चलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सफाई के बाद उस स्थान पर दोबारा कचरा न जमा हो, इसके लिए नागरिकों की जागरूकता एवं सहयोग भी आवश्यक है।
बस स्टॉप की डीप क्लीनिंग एवं जागरूकता
निगम द्वारा शहर के विभिन्न बस स्टॉप की नियमित डीप क्लीनिंग की जा रही है। स्वच्छांगिनी की महिलाओं द्वारा प्रतिदिन बस स्टॉप एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की जा रही है। इस दौरान यात्रियों एवं स्थानीय लोगों को बस स्टॉप को स्वच्छ रखने तथा अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। विदित है कि पटना नगर निगम को विभिन्न बस स्टॉप पर वेंडरों द्वारा अतिक्रमण तथा असामाजिक गतिविधियों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं जिस पर कार्रवाई करते हुए निगम द्वारा सफाई के साथ-साथ लोगों को सार्वजनिक स्थलों के बेहतर उपयोग एवं उन्हें अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
बिहार में उद्योग लगाना अब और आसान, सिंगल विंडो क्लीयरेंस का नया पोर्टल लॉन्च
RWA के साथ बैठक, कचरा पृथक्करण पर जोर
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नागरिकों एवं स्थानीय हितधारकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसी क्रम में पटना नगर निगम द्वारा बहुमंजिली इमारतों, अपार्टमेंट एवं गेटेड सोसाइटी के रेसिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन (RWA) के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
बैठकों के दौरान सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2026 के प्रावधानों, घर पर ही कचरे के पृथक्करण तथा Reduce, Reuse और Recycle (3R) की अवधारणा के संबंध में लोगों को जानकारी दी जा रही है। नागरिकों से घर से निकलने वाले कचरे को निर्धारित श्रेणियों में अलग-अलग रखने की अपील की जा रही है। बुधवार को निगम की टीम द्वारा एसबीआई कॉलोनी में RWA एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक आयोजित कर स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन से संबंधित जानकारी दी गई।
कचरा प्वॉइंट की सफाई
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत पटना नगर निगम द्वारा चिह्नित कचरा प्वॉइंट्स (Cleanliness Target Units) की सफाई भी आम नागरिकों के सहयोग से की जा रही है। इसके तहत वार्ड 36 के राधा कृष्णा कॉलोनी, वार्ड 18 के जक्कनपुर, वार्ड 7 में देव दरबार के पीछे, वार्ड 54 की विकास कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में कचरा प्वॉइंट की विशेष सफाई की गई।
सफाई अभियान के बाद स्थानीय नागरिकों से अपील की जा रही है कि साफ किए गए स्थलों पर दोबारा कचरा न फेंकें तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
पटना नगर निगम का विशेष अभियान : दुर्गा पूजा के दौरान रात्रि सफाई और निगरानी कड़ी
नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता रैली से स्वच्छता का संदेश
अभियान के तहत स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न माध्यमों से जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। पंचमुखी हनुमान मंदिर एवं मीना बाजार में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं, वार्ड 9 स्थित नवकोठी बस्ती एवं वार्ड 6 के राजीव नगर में जागरूकता रैली आयोजित कर स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रैली के दौरान लोगों से अपने घर, गली, मोहल्ले एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की गई।
पटना नगर निगम का प्रयास है कि स्वच्छता ही सेवा अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप दिया जाए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और व्यवहारगत बदलाव को भी बढ़ावा मिल सके।
