300 वर्ष पुरानी अनुयायी परम्परा का निर्वहन कर रहा है राजापुर का आचार्य पीठ

पटना, 10 सितम्बर। राजधानी पटना के राजापुर स्थित ऐतिहासिक आचार्य पीठ श्री राधाकृष्ण प्रणामी मंदिर में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर छठी प्रसाद भोग का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

मंदिर के महंत आचार्य सुरेशचंद्र शास्त्री के सानिध्य में आयोजित इस दिव्य कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने पंगत में बैठकर प्रसाद-भोज ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर को फूलों और रोशनी से सजाया गया था, वहीं भजन-कीर्तन से वातावरण कृष्णमय हो उठा।

इस अवसर पर महंत सुरेशचंद्र शास्त्री ने बताया कि यह मंदिर लगभग 300 वर्षों से अनुयायी परम्परा का पोषण कर रहा है और अब इसके निर्माण की तीन शताब्दी पूर्ण होने जा रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि जल्द हीं मंदिर में श्रद्धालुओं के सहयोग से स्वर्ण कलश की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही तीन से सात दिनों तक चलने वाला एक भव्य धार्मिक महोत्सव आयोजित करने की तैयारी चल रही है, जिसमें देशभर के संत-महात्मा और प्रणामी धर्म के अनुयायी शामिल होंगे।

आज के इस कार्यक्रम मैं बिहार के वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार पांडेय भी विशेष रूप से उपस्थित थे इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।
