Tuesday, August 11, 2026
Homeमां गंगा में स्नान कर बैकुंठधाम पहुंचे श्रद्धालु, बाबा गौरीशंकर का विधि-विधान...

मां गंगा में स्नान कर बैकुंठधाम पहुंचे श्रद्धालु, बाबा गौरीशंकर का विधि-विधान से किया जलभिषेक

पटना (बैकुंठपुर)। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को पटना जिले के प्रसिद्ध बाबा गौरीशंकर बैकुंठधाम (बैकठपुर) में आस्था और भक्ति का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही ‘बोल बम’ और ‘बम बम भोले’ के उद्घोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

3 किलोमीटर दूर गंगा तट से जल लेकर पहुंचे भक्त

तड़के मंदिर के कपाट खुलते ही बाबा गौरीशंकर का भव्य श्रृंगार और महाआरती संपन्न हुई। आरती के बाद से ही दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया, जो देर दोपहर तक जारी रहा। श्रद्धालु मंदिर क्षेत्र से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित पवित्र मां गंगा में स्नान कर और कांवड़ व पात्रों में गंगाजल लेकर जयकारे लगाते हुए पैदल धाम पहुंचे और जलाभिषेक किया।

प्रशासनिक एवं मंदिर प्रबंधन की चाक-चौबंद व्यवस्था

भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति एवं स्थानीय पुलिस-प्रशासन द्वारा सुरक्षा व जन-सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कतारबद्ध दर्शन, पेयजल और सुरक्षा बल की तैनाती से महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन प्राप्त हुए।

श्रावण सोमवार और शिव पूजन का महत्व

शास्त्रों के अनुसार सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित है, जिसका सीधा संबंध चंद्रमा से है। चंद्रमा मन का कारक है और भगवान शिव ने इसे अपने मस्तक पर धारण किया है। श्रावण सोमवार के दिन भगवान शिव पर जल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, सफेद फूल और चंदन अर्पित करने तथा “ॐ नमः शिवाय” का निरंतर जाप करने से कुंडली के ग्रह दोष शांत होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे