खुशरूपुर/पटना:
प्रसिद्ध श्रीगौरीशंकर बैकुंठनाथ (वैकुंठपुर) मंदिर परिसर में पूजा करने आई एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास की घटना के बाद मंदिर प्रबंधन समिति ने मामले पर अपना आधिकारिक पक्ष रखा है।
मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव राजाराम सिंह ने ‘न्यूजलहर’ से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि घटना में नामजद आरोपी मंदिर न्यास समिति का मुख्य या स्थायी कर्मचारी नहीं है, बल्कि वह एक दैनिक (डेली वेज) कर्मचारी है।
उन्होंने बताया कि जैसे ही इस शर्मनाक घटना की जानकारी मंदिर प्रबंधन को मिली, मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस-प्रशासन को सूचित किया गया और आरोपी उपेन्द्र पंडा (उर्फ बोतल पंडा) को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सचिव राजाराम सिंह ने कहा, “मंदिर प्रबंधन ने इस मामले में बिना किसी पक्षपात के त्वरित कार्रवाई की है। इतने बड़े धार्मिक स्थल पर, जहां लाखों श्रद्धालु आते हैं, ऐसी घटनाओं को पूरी तरह रोक पाना कठिन होता है, लेकिन अपराधियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई कर उनके मन में कानून का खौफ पैदा किया जा सकता है।”
उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में सावन की पहली सोमवारी पर मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सुचारू रूप से जलाभिषेक किया था और पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था बिल्कुल शांतिपूर्ण रही।
सचिव ने भरोसा दिलाया कि स्थानीय पुलिस प्रशासन, मंदिर के सभी प्रमुख स्थानों पर लगे CCTV से मंदिर प्रबंधन 24 घंटे निगरानी रखकर यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए तत्पर हैं, ताकि किसी भी भक्त के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार या अनाचार न हो।
