Tuesday, August 11, 2026
HomeTop Storiesपटना नगर निगम को मिली ‘AA’ रेटिंग; ₹200 करोड़ के म्यूनिसिपल बॉन्ड...

पटना नगर निगम को मिली ‘AA’ रेटिंग; ₹200 करोड़ के म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने का रास्ता साफ

पटना नगर निगम ने अपने वित्तीय प्रबंधन और पारदर्शिता के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। साख निर्धारण एजेंसी ‘इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च’ (India Ratings & Research) ने पटना नगर निगम की वित्तीय स्थिति का आकलन करते हुए उसे ‘AA’ रेटिंग प्रदान की है। इस मजबूत क्रेडिट रेटिंग के साथ ही नगर निगम द्वारा प्रस्तावित ₹200 करोड़ के म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने की राह पूरी तरह साफ हो गई है।

वित्तीय अनुशासन और राजस्व संग्रह का परिणाम:

नगर निगम की यह उपलब्धि उसके लगातार बेहतर होते वित्तीय प्रबंधन, नियमित एवं पारदर्शी राजस्व संग्रह और आंतरिक आय के सतत स्रोतों का परिणाम है। एजेंसी ने निगम की वित्तीय देनदारियों को समय पर पूरा करने की क्षमता और दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता को ध्यान में रखते हुए यह रेटिंग जारी की है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर सूचीबद्ध होगा बॉन्ड:

‘AA’ रेटिंग मिलने के बाद अब म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने की आगे की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी। इसके तहत प्राइवेट प्लेसमेंट मेमोरेंडम (PPM) दाखिल करने, आवश्यक नियामक स्वीकृतियां प्राप्त करने, निवेशकों तक पहुंच बनाने और बॉन्ड आवंटन जैसी औपचारिकताएं निभाई जाएंगी।

​प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस प्रस्तावित बॉन्ड को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर सूचीबद्ध (List) कराया जाएगा। संगठित और विनियमित पूंजी बाजार के माध्यम से संस्थागत निवेशकों से दीर्घकालिक वित्तीय संसाधन जुटाने में नगर निगम को बड़ी मदद मिलेगी, जिससे शहर के विकास कार्यों को नई गति दी जा सकेगी।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे