पटना। सफाईकर्मी यूनियन द्वारा बुलाई गई अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच पटना नगर निगम ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। गुरुवार को निगम ने उपलब्ध संसाधनों और करीब 430 सफाईकर्मियों की मदद से शहर के सभी मतदान केंद्रों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और मुख्य सड़कों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की निगरानी में कचरा उठाव का कार्य पूरा कराया गया।
सभी 6 अंचलों में प्राथमिकता के आधार पर सफाई
नगर निगम ने विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी पोलिंग बूथों की साफ-सफाई सुनिश्चित की, ताकि मतदाताओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके। इसके अलावा विभिन्न अंचलों में तैनात टीमों ने मोर्चा संभाला:
- अजीमाबाद अंचल: यहां सबसे अधिक 235 सफाईकर्मियों ने बीएनआर रोड, डांका इमली, बजरंगपुरी, अगमकुआं, डॉक्टर्स कॉलोनी और पटनदेवी कॉलोनी सहित दर्जनों प्रमुख इलाकों से कचरा उठाया।
- बांकीपुर अंचल: करीब 75 सफाईकर्मियों ने घाटों और बूथों की सफाई की। साथ ही दोनों पालियों में 9-9 वाहनों के जरिए एंटी-लार्वा फॉगिंग कराई गई।
- नूतन राजधानी अंचल: 38 कर्मियों की टीम ने 2 जेसीबी और मिनी हाइवा के जरिए स्ट्रैंड रोड, हार्डिंग रोड और चिड़ियाघर गेट नंबर 2 के आसपास सफाई की।
- कंकड़बाग अंचल: 30 सफाईकर्मियों ने पृथ्वीपुर रोड, बस स्टैंड रोड और चिरैयांटाड़ क्षेत्र से कचरा उठाया।
- पाटलिपुत्र एवं पटना सिटी अंचल: पाटलिपुत्र में बोरिंग रोड व अशोक राजपथ और पटना सिटी में गुरु गोबिंद सिंह लिंक पथ समेत प्रमुख मार्गों पर सफाई अभियान चलाया गया।
नगर आयुक्त की भावुक अपील: “काम पर लौटें सफाईकर्मी”
सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के साथ ही नगर आयुक्त ने हड़ताल पर गए कर्मियों से काम पर वापस लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निगम पूर्व की तरह सफाई कर्मियों की सभी जायज मांगों को उचित मंच पर गंभीरता से उठा रहा है और समस्याओं के समाधान के लिए संवाद जारी है।
नगर आयुक्त ने कहा, “शहर की स्वच्छता और जनहित को ध्यान में रखते हुए सफाई कर्मी किसी भी भ्रामक अफवाह में न आएं और काम पर लौटें। आपका सहयोग लाखों नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।”
निगम ने गिनाए कर्मियों के कल्याणकारी कदम
पटना नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 के तहत सफाईकर्मियों के हितों की रक्षा के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं। इनमें समय पर वेतन वृद्धि, एरियर का भुगतान, PF और ESIC जैसी सामाजिक सुरक्षा, मुफ्त वर्दी व सुरक्षा उपकरण, स्वास्थ्य शिविर, अनुकंपा पर नियुक्तियां और विशेष प्रोत्साहन राशि शामिल हैं।
